Latest newsSports

मैच के दौरान दो रन क्यों नहीं ले पा रहे थे वॉशिंगटन सुंदर? कप्तान शुभमन गिल ने कारण का किया खुलासा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे मुकाबले के दौरान ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को चोट लगने की आशंका पैदा हो गई है। 26 वर्षीय सुंदर ने गेंदबाजी के दौरान मांसपेशियों में खिंचाव महसूस किया, जिसके बाद मैच खत्म होने पर उनका स्कैन कराने का फैसला लिया गया है। अब कप्तान शुभमन गिल ने बताया है कि ऐसा क्या हुआ था कि सुंदर चेज के दौरान दो रन लेने में सक्षम नहीं थे। सुंदर ने अपनी पांच ओवर की गेंदबाजी में 27 रन दिए, लेकिन न्यूजीलैंड की पारी के दौरान उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और वह गेंदबाजी करने वापस नहीं आए। चोट की समस्या के बावजूद वाशिंगटन सुंदर ने बाद में भारत की रनचेज में योगदान दिया। बल्लेबाजी क्रम में आठवें नंबर पर उतरते हुए सुंदर ने लोकेश राहुल के साथ मिलकर महत्वपूर्ण साझेदारी बनाई और टीम को चार विकेट से जीत दिलाने में मदद की। हालांकि, इन दोनों ने एक बार भी दो रन पूरे नहीं किए और 48वें ओवर तक एक-एक रन से ही काम चलाया। सुंदर सात रन बनाकर नाबाद लौटे। 301 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 49 ओवर में छह विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया। लोकेश राहुल ने 29 रन की नाबाद पारी खेली और दोनों ने 16 गेंदों में 27 रन की अटूट साझेदारी की।
गिल ने पुष्टि की ‘सुंदर को साइड स्ट्रेन’
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने सुंदर की चोट की स्थिति पर कहा, ‘वॉशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन होगा।’ गिल के इस बयान से साफ हुआ कि टीम ने चोट को लेकर सावधानी बरतना आवश्यक समझा है।
राहुल बोले, ‘मुझे चोट की गंभीरता पता नहीं थी’
लोकेश राहुल ने भी मैच के बाद कहा कि उन्हें मैदान पर सुंदर की स्थिति का अंदाजा नहीं था। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं पता था कि वह दौड़ नहीं सकता। मुझे पता था कि पहली पारी में उसे कुछ परेशानी थी, लेकिन मुझे इसकी गंभीरता के बारे में पता नहीं था।’ सुंदर की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए राहुल ने आगे कहा, ‘वह गेंद को बहुत अच्छी तरह से मार रहा था। जब वह आया तो हम पहले से ही लगभग एक रन प्रति गेंद की दर से रन बना रहे थे इसलिए जोखिम लेने की कोई जरूरत नहीं थी। उस पर अधिक दबाव नहीं था। उसने स्ट्राइक रोटेट की और अपना काम किया।’

Related Articles

Back to top button