2027 विश्वकप के लिए अपनी भारतीय टीम में कप्तान गिल को रखना ही भूले, बाद में मांगी माफी

भारतीय ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि उन्होंने 2027 वनडे वर्ल्ड कप की चर्चा के दौरान टीम इंडिया के टॉप-4 बैटर्स की लिस्ट में से कप्तान शुभमन गिल का नाम भूल गए। सोशल मीडिया पर शुरू हुई इस बहस के बाद अमर उजाला ने इस दावे की फैक्ट-चेक की और पाया कि यह बात सही है और अश्विन गिल का नाम वास्तव में पहले भूल गए थे। हालांकि, बाद में उन्होंने इसे तुरंत सुधार भी दिया। अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अश्विन ने भारत के संभावित शीर्ष बल्लेबाजों के नाम गिनाते हुए कहा, ‘अगर श्रेयस अय्यर वापसी करते हैं तो विश्व कप के लिए वह एक क्वालिटी नंबर-चार हैं। ऋतुराज गायकवाड़ को रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ उपयोग किया जा सकता है। अगर विराट ओपनिंग करें तो ऋतुराज और श्रेयस भी फिट हो सकते हैं।’ इस दौरान उन्होंने शीर्ष-चार के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और ऋतुराज गायकवाड़ का नाम तो लिया, लेकिन कप्तान शुभमन गिल का नाम छूट गया। कुछ ही सेकंड बाद अश्विन ने खुद अपनी गलती महसूस की और कहा, ‘सॉरी, मैं शुभमन गिल का नाम भूल गया था। यह उनके साथ बिल्कुल भी न्याय नहीं है। टीम इंडिया में स्थान को लेकर काफी मुकाबला है, लेकिन मैं चाहता हूं कि ऋतुराज को भी बराबर मौका मिले।’
वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने गिल पर तंज कसा, वहीं, कुछ यूजर्स ने वीडियो शेयर करके अश्विन के चयन पर सवाल उठाए? वहीं कुछ लोगों ने अश्विन के तुरंत माफी मांगने की तारीफ भी की।
नियमित वनडे कप्तान शुभमन गिल इस समय चोट के कारण भारतीय टीम में शामिल नहीं हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट में उनकी गर्दन में चोट लगी थी, जिसके बाद से वह टीम से बाहर हैं। उनकी जगह पहले दो वनडे में यशस्वी जयसवाल ने रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग की। वहीं, उपकप्तान श्रेयस भी फिलहाल चोट से उबर रहे हैं। इन दोनों की गैरमौजूदगी में केएल राहुल वनडे सीरीज में टीम की कमान संभाल रहे हैं।



