Celebrity newsLatest news

रहमान डकैत बन महफिल लूट ले गए अक्षय खन्ना; सोशल मीडिया पर लगी तारीफों की झड़ी

फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर धुआं-धुआं कर दिया है। सच्ची घटना से प्रेरित इस फिल्म की जमकर तारीफ हो रही हैं। फिल्म के टीजर और ट्रेलर रिलीज के वक्त ही रणवीर सिंह से लेकर आर. माधवन के लुक पर खूब चर्चा हुई। अब जब फिल्म रिलीज हो चुकी है और दर्शक इसे देख रहे हैं तो यह उम्मीदों पर खरी साबित हुई है। सबसे ज्यादा ध्यान अक्षय खन्ना ने आकर्षित किया है। सोशल मीडिया पर उनकी तारीफों की मानो बाढ़ आ गई है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना ने लयारी के माफिया रहमान डकैत का रोल अदा किया है। उन्होंने इस किरदार को इतनी खूबसूरत से निभाया है कि एक पल के लिए दर्शक भूल ही जाते हैं मानो ये अक्षय खन्ना हैं। साथ ही उनका लुक भी दमदार है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना की अदाकारी का ही कमाल है कि फिलहाल सोशल मीडिया पर उनके नाम की चर्चा हो रही है और उन्हें खूब सर्च किया जा रहा है।  इस साल फरवरी में रिलीज हुई विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ में अक्षय खन्ना ने औरंगजेब का रोल निभाकर तारीफें लूटी थीं। मगर, वह तो सिर्फ झांकी थी, असली रंग तो उन्होंने ‘धुरंधर’ में जमाया है। फिल्म में उन्हें स्क्रीन स्पेस भी काफी अच्छा मिला है, तो वे खूब लाइमलाइट लूट ले गए हैं। आलम ये हो गया है कि अक्षय दर्शकों की फेवरेट लिस्ट में शामिल हो गए हैं। संगीतकार और यूट्यूबर यशराज मुखाटे ने भी अक्षय खन्ना के काम की तारीफ की है। उन्होंने लिखा है, ‘अक्षय खन्ना ने ‘धुरंधर’ में जो आग लगाई है, मजा आ गया’।

यूजर बोले- ‘अगर इनके पिता आज होते तो कितना गर्व महसूस करते’
यूजर लिख रहे हैं, ‘अक्षय खन्ना को अधिक वक्त तक स्क्रीन पर देखना चाहते थे। उन्होंने ‘धुरंधर’ में कमाल की अदाकारी की है’। कुछ यूजर्स अक्षय के फिल्म ‘छावा’ वाले लुक और ‘धुरंधर’ वाले लुक को पोस्ट करके लिख रहे हैं, ‘शुरुआत ही अंत है। अंत ही शुरुआत है’। एक यूजर ने लिखा, ‘अगर अक्षय के दिवंगत पिता आज उनकी यह परफॉर्मेंस देखते तो गर्व महसूस करते’। एक यूजर ने लिखा है, ‘फिल्म में अक्षय तो रणवीर सिंह पर भी भारी पड़े हैं’। रहमान डकैत का यह किरदार रियल लाइफ गैंगस्टर से प्रेरित है। रहमान डकैत पाकिस्तानी गैंगस्टर था। वह कराची के लयारी इलाके का रिहायशी था, जिसका असली नाम सरदार अब्दुल रहमान बलूच था। उसने पीपुल्स अमन कमेटी का गठन किया था। बात करें फिल्म ‘धुरंधर’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की तो ओपनिंग डे पर इसने 27 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।

Related Articles

Back to top button