Latest newsSports

राजस्थान की खराब बल्लेबाजी के लिए पराग ने इन्हें ठहराया दोषी, हार्दिक ने विजयी रथ को लेकर कही यह बात

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने आईपीएल में गुरुवार मुंबई इंडियंस के खिलाफ 100 रन की करारी हार के बाद मेहमान टीम को जीत का श्रेय देते हुए कहा कि अगर वे विरोधी टीम को 190 से 200 रन के बीच रोक देते तो अच्छा रहता। वहीं, हार्दिक पांड्या ने मुंबई की विजयी रथ पर बयान दिया है। उन्होंने रोहित शर्मा, रेयान रिकेल्टन और सूर्यकुमार यादव के साथ-साथ अपने गेंदबाजों की तारीफ भी की। मुंबई के 218 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम कर्ण शर्मा (23 रन पर तीन विकेट), जसप्रीत बुमराह (15 रन पर दो विकेट) और ट्रेंट बोल्ट (28 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 16.1 ओवर में 117 रन पर ढेर हो गई। आरआर की ओर से सिर्फ जोफ्रा आर्चर (30) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए। रेयान रिकेल्टन ने 38 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 61 रन की पारी खेली। इसके अलावा रोहित शर्मा (53 रन, 36 गेंद, नौ चौके) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़कर मुंबई को बेजोड़ शुरुआत दिलाई। कप्तान हार्दिक (नाबाद 48, 23 गेंद, छह चौके, एक छक्का) और सूर्यकुमार यादव (नाबाद 48, 23 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) ने इसके बाद अंतिम ओवरों में 44 गेंद में 94 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर दो विकेट पर 217 रन तक पहुंचाया। पराग ने मैच के बाद कहा, ‘मुंबई इंडियंस ने जिस तरह बल्लेबाजी की आपको उसके लिए उन्हें श्रेय देना होगा। उन्होंने विकेट बचाए रखे। हां, 190-200 के बीच का स्कोर आदर्श होता। हमें अच्छी शुरुआत मिल रही है लेकिन मध्यक्रम में मुझे, ध्रुव (जुरेल) को पारी को आगे बढ़ाना है। हमने कई चीजें सही और गलत की हैं। बहुत सारी गलतियां की हैं। हम उन पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं और अच्छी चीजों पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।’ मुंबई के कप्तान हार्दिक ने कहा कि यह मुकाबला बल्ले और गेंद से उनके लिए शानदार रहा। हार्दिक ने कहा, ‘जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की और हमने गेंद के साथ शानदार प्रदर्शन किया, यह बिल्कुल परफेक्ट मैच था। हम और 15 रन बना सकते थे। सूर्यकुमार और मैंने कहा कि अच्छे क्रिकेटिंग शॉट्स का महत्व हैं। हम दोनों एक दूसरे से पर्सेंटेज शॉट्स खेलने को लेकर बात कर रहे थे। उन शॉट्स की वैल्यू तब है जब आप उसे गैप में खेलते हैं।
हार्दिक ने रोहित और रिकेल्टन की तारीफ की
हार्दिक ने रोहित और रिके्ल्टन की तारीफ करते हुए कहा कि ओपनिंग जोड़ी ने भी उसी तरह से बल्लेबाजी की। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह बिल्कुल शानदार था। रिकेल्टन ने इंटेंट बनाए रखा और उन्होंने उन बाउंड्रीज को निशाना बनाया जहां गैप दिखी। बल्लेबाजों को यह देखकर बल्लेबाजी करनी चाहिए कि उस स्थिति के लिए क्या आवश्यक है। लोग क्लासिकल बल्लेबाजी पर वापस जा रहे हैं। यह गैप को हिट करने, कड़ी मेहनत करने के बारे में है और जिस तरह से हमने बल्लेबाजी की वह उचित बैटिंगशिप थी।’
हार्दिक ने कहा- मुझे अपने गेंदबाजों पर भरोसा
हार्दिक ने अपने गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, ‘मुझे नहीं पता कि किसका जिक्र करना है, लेकिन हमारे पास जिस तरह का गेंदबाजी आक्रमण है और अनुभव है, मुझे चिंता करने की जरूरत नहीं है। हर कोई बहुत स्पष्ट है और हम साधारण क्रिकेट पर वापस जा रहे हैं, यह हमारे लिए काम कर रहा है और उम्मीद है कि यह जारी रहेगा। हम विनम्र, बहुत अनुशासित और ध्यान केंद्रित रखना चाहते हैं।’

Related Articles

Back to top button