Latest newsSports

ये ऑस्ट्रेलियाई भारतीय सेना का मुरीद; भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच पत्र में लिखी दिल की बात

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है। पाकिस्तानी सेना भारत के सीमावर्ती इलाकों को निशाना बना रही और हमला कर रही है, जिसका भारतीय सेना माकूल जवाब दे रही है। इससे पहले, भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था और पहलगाम हमले का बदला लिया था जिससे भारतीय जवानों के पराक्रम की पूरी दुनिया दीवानी हो गई। इस कड़ी में एक नाम ऑस्ट्रेलिया के स्टार क्रिकेटर जोश हेजलवुड का भी जुड़ गया है। उन्होंने शुक्रवार को भारतीय सेना के समर्थन में पोस्ट किया और उनकी तारीफ में कसीदे पढ़े। हेजलवुड ने लिखा- एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर के रूप मे, मैंने हमेशा किसी भी चुनौती के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की भावना में विश्वास किया है, ठीक वैसे ही जैसे हमारे बहादुर भारतीय सशस्त्र बल पाकिस्तान स्थित आतंकवादियों के खिलाफ लड़ रहे हैं। भारत के सैनिकों से मैं अपने दिल की गहराई से कहना चाहता हूं कि आप निश्चित रूप से महान हैं। अपने देश की रक्षा के लिए आपका साहस, बलिदान और अटूट प्रतिबद्धता लाखों लोगों को प्रेरित करती है, जिनमें मैं भी शामिल हूं।
‘मैं आपका समर्थन करता हूं’
हेजलवुड ने आगे लिखा- ‘हर दिन आप शांति और एकता के मूल्यों की रक्षा करते हुए धैर्य और दृढ़ संकल्प के साथ अकल्पनीय बाधाओं का सामना करते हैं। जान लें कि आपकी लड़ाई सिर्फ भारत के लिए नहीं बल्कि एक सुरक्षित दुनिया की उम्मीद के लिए है। हम ऑस्ट्रेलियाई आपके लचीलेपन की प्रशंसा करते हैं, और मैं सिर्फ एक क्रिकेटर के रूप में ही नहीं बल्कि एक ऐसे व्यक्ति के रूप में भी आपका उत्साहवर्धन कर रहा हूं जो सही के लिए खड़े होने की शक्ति में विश्वास करता है। मजबूत रहें, सुरक्षित रहें और जानें कि दुनिया भर में आपके साथी आपका समर्थन कर रहे हैं।’ बता दें कि, जोश हेजलवुड में आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का हिस्सा हैं।
पाकिस्तान के हमले को भारतीय सेना ने किया नाकाम
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ पाकिस्तान में चलाए गए भारत के ऑपरेशन सिंदूर से बौखलाए पाकिस्तान ने गुरुवार की रात भारत के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी, जिसे भारतीय सेनाओं ने पूरी तरह नाकाम कर दिया। ऐसा ही शुक्रवार की रात हुआ। पाकिस्तान की सेना ने भारत पर एक बार फिर हमले की कोशिश की, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया।

Related Articles

Back to top button