India newsLatest news

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा कड़ी, गुजरात से लेकर जम्मू तक अलर्ट जारी

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शनिवार को गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर स्थित स्टेट इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर में अहम बैठक की। इस बैठक का मकसद राज्य की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा करना था। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती इलाकों में स्थित वैज्ञानिक और तकनीकी संस्थानों की सुरक्षा को मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही श्रीनगर और लेह स्थित भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के महत्वपूर्ण केंद्रों की सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी। बता दें कि यह जानकारी विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा जारी बयान में दी गई, जिसमें बताया गया कि आज एक उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा हालात की समीक्षा की गई। इस बैठक में देश के वैज्ञानिक और तकनीकी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में विशेष तौर पर सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों जैसे जम्मू-कश्मीर, पंजाब, लद्दाख और भारत के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में स्थित अनुसंधान संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

पाकिस्तान ने दिखाया अपना रंग
संघर्ष विराम के उल्लंघन को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत और पाकिस्तान के डीजीएमओ के बीच पिछले कुछ दिनों से चल रही कार्रवाई को रोकने का समझौता शनिवार शाम हुआ था। पिछले कुछ घंटों से इस समझौते का पाकिस्तान की ओर से घोर उल्लंघन हो रहा है। भारतीय सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है और इस सीमा अतिक्रमण से निपट रही है। 

संघर्ष विराम की हुई थी घोषणा
गौरतलब है कि इससे पहले भारत पाकिस्तान के बीच संघर्ष विराम की पुष्टि विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने की थी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा था कि पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (डीजीएमओ) ने शनिवार दोपहर 3:35 बजे भारतीय डीजीएमओ को फोन किया। उनके बीच यह सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार 1700 बजे से ज़मीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे।

Related Articles

Back to top button