अवॉर्ड शो में होस्टिंग पर ट्रोल हो रही आलिया को सोना मोहापात्रा ने किया सपोर्ट; बॉलीवुड ऑडियंस को बताया ‘डेड’

आलिया भट्ट को एक अवॉर्ड शो में उनकी होस्टिंग स्किल्स को लेकर काफी ट्रोल किया जा रहा है। अब इस मामले पर सिंगर सोना मोहापात्रा ने आलिया भट्ट का सपोर्ट किया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर इस मामले पर खुलकर अपनी राय रखी। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो स्टेटमेंट में सोना ने सबको याद दिलाया कि यह एक लाइव शो था, इसलिए इसमें एडिटिंग की कोई गुंजाइश नहीं थी। सिंगर ने कहा कि ऐसे स्टेज पर लाइव परफॉर्म करना आसान नहीं होता। साथ ही सोना ने बॉलीवुड ऑडियंस को ‘डेड’ तक बता दिया। सोना ने कहा, ‘मैं आलिया भट्ट के मोनोलॉग पर अपनी बात रख रही हूं, जो हर जगह वायरल हो रहा है और ट्रोल भी किया जा रहा है। सबसे पहले दोस्तों, यह लाइव था। लाइव मतलब, न रीटेक, न एडिट, न फिल्टर, न दोबारा सोचने का मौका। और सच कहूं तो बॉलीवुड में इतना ऑथेंटिक काम करना ही एक बड़ा स्टंट है। ज्यादातर देसी एक्टर्स तो माइक उठाने की भी हिम्मत नहीं करते। उन्होंने कोशिश की और वही अपने आप में बड़ी बात है।’



