सलमान के घर के आस-पास मंडराना भी होगा मुश्किल, मुंबई पुलिस उठाने जा रही ये कदम

बीते दिनों बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के घर में घुसने का प्रयास करने की हुईं दो अलग-अलग घटनाओं के बाद अब मुंबई पुलिस इस मामले में बड़ा एक्शन लेने की प्लानिंग कर रही है। मुंबई पुलिस के अधिकारी के मुताबिक, अब पुलिस सलमान के घर आने वालों की आते और जाते समय चेकिंग करने और मेहमानों पर कड़ी निगरानी रखने की तैयारी कर रही है। यही नहीं अब एक्टर के घर के आस-पास भी नजर आने वालों पर पुलिस सख्त नजर रखेगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हाल ही में हुई इन घटनाओं के बाद अब सलमान के बांद्रा स्थिति गैलेक्सी अपार्टमेंट में आने वालों की आते-जाते समय चेकिंग की जाएगी। साथ ही एक्टर की सुरक्षा भी बढ़ाए जाने की योजना बनाई जा रही है। अधिकारी ने कहा कि चूंकि यह एक निजी इमारत है, इसलिए हर आने वाले की जांच करना एक चुनौती हो सकती है। जानकारी ये भी आ रही है कि अब नए गेस्ट्स को बिल्डिंग में एंट्री करने के लिए बिल्डिंग के निवासियों से अपनी पहचान करानी होगी।



