Latest newsPodcast

‘भाजपा-AIADMK करेंगे सीट बंटवारे का फैसला’, टीटीवी-OPS को समायोजित करने के सवाल पर नयनार नागेंद्रन

तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष नयनार नागेंद्र ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनावों में सीट किसे मिलेंगी, ये फैसला भाजपा और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) मिलकर करेंगे। टीटीवी दिनाकरन के नेतृत्व वाली सहयोगी अम्मा मक्कल मुनेत्र कषगम और पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम (ओपीएस) को सीटें आवंटित करनी है या नहीं, दोनों पार्टियों की आपसी बातचीत के बाद तय किया जाएगा। नयनार नागेंद्र ने 12 अप्रैल को तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। इस दौरान उन्होंने कहा था कि वह केवल हवा की तरह काम करते हैं, जबकि के अन्नामलाई तूफान की तरह काम करते हैं। जब उनसे पूछा गया कि सत्तारूढ़ डीमके से वह कैसे मुकाबला करेंगे और उनकी योजना क्या है। इसका जवाब देते हुए नागेंद्रन ने कहा कि जिन मुद्दों पर चर्चा या बहस की जरूरत है, उन्हें उठाया जाना चाहिए।
भाजपा की नीतियों को स्पष्ट करने में वह कभी विफल नहीं हुए: नागेद्रन
दक्षिणी तिरुनेलवेली से विधायक नागेंद्रन ने एक साक्षात्कार में कहा कि लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को उन्होंने हमेशा विधानसभा में उठाया है और वह आगे भी ऐसा करते रहेंगे। जब उनसे पूछा गया कि सदन में उनकी मृदुभाषी छवि और पार्टी के एजेंडे को कैसे आगे बढ़ाया जाएगा, खासकर तब जब उनके पूर्ववर्ती के अन्नामलाई अपनी मुखर शैली के लिए लोकप्रिय हैं। इस सवाल के जवाब में नागेंद्रन ने कहा कि वह विधानसभा में भाजपा की नीतियों को स्पष्ट करने में कभी विफल नहीं हुए हैं। उनकी नरम छवि पार्टी के काम में कभी बाधा नहीं बनी। उन्होंने कहा कि अन्नामलाई ने राज्य में पार्टी को अच्छी तरह से विकसित किया है।  नागेंद्रन से पूछा गया कि क्या भाजपा अन्नाद्रमुक द्वारा उनकी पार्टी को दी जाने वाली सीटों में से टीटीवी और ओपीएस को सीटें आवंटित करने के लिए आगे आएगी। इस पर नागेंद्रन ने कहा कि अन्नाद्रमुक के साथ गठबंधन बना है। उन्होंने कहा, ‘सीट बंटवारे का फैसला हमारे संसदीय बोर्ड, हाईकमान द्वारा किया जाएगा। AIADMK इस संबंध में एक पैनल भी गठित कर सकता है और हमारा संसदीय बोर्ड इस पर विचार-विमर्श करेगा।’
बता दें कि एडप्पादी के पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK 11 अप्रैल को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में शामिल हो गई। इस दौरान शाह ने घोषणा की थी कि गठबंधन पलानीस्वामी के नेतृत्व में 2026 का विधानसभा चुनाव लड़ेगा। AIADMK के एनडीए में फिर से शामिल होने से कुछ समय पहले पलानीस्वामी ने घोषणा की थी कि दिनाकरन जैसे सहयोगी, जो पार्टी के पीछे मजबूती से खड़े हैं, उन्हें ‘निराश’ नहीं किया जा सकता। इस सवाल पर नागेंद्रन ने कहा कि निश्चित रूप से उन्होंने जो कहा वह सच था। पहले से ही, जो लोग NDA का हिस्सा थे, वे गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे।
चुनावों में केवल डीएमके के नेतृत्व वाला गुट पराजित होगा: नागेंद्रन
तमिलनाडु में एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन को सीएम एमके स्टालिन ने ‘थोलवी कूटनी’ यानी असफल होने वाला गठबंधन बताकर खारिज कर दिया था। इस सवाल पर नागेंद्रन ने कहा, ‘मैं कह रहा हूं कि चुनावों में केवल वे (डीएमके के नेतृत्व वाला गुट) ही पराजित होंगे।’ अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी ने कहा था कि अगले साल चुनावी मुकाबला डीएमके और तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के बीच होगा। इस सवाल पर नागेंद्रन ने कहा कि तमिलनाडु में भाजपा और एआईएडीएमके के गठबंधन में एनडीए ही जीतेगा।

Related Articles

Back to top button