Health&wellnessLatest news

एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन्स का खजाना है ये सब्जी, कैंसर जैसी बीमारियों से दे सकती है सुरक्षा

ब्रोकली जिसे अक्सर हरी गोभी के नाम से भी जाना जाता है, ये सेहत के लिए बहुत फायदेमंद सब्जी है। ये विटामिन, खनिज, फाइबर, और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती है। फिटनेस फ्रीक लोगों की पसंद ब्रोकली के सेवन से शरीर को आवश्यक कई प्रकार के पोषक तत्व आसानी से प्राप्त हो सकते हैं। आहार विशेषज्ञों का कहना है कि अगर रोजाना इसका सेवन किया जाए तो यह हड्डियों से लेकर हार्ट  और आंखों से लेकर मस्तिष्क तक के लिए कई प्रकार से फायदेमंद हो सकती है। ब्रोकली में सल्फोराफेन नामक एक यौगिक पाया जाता है, जो शरीर में कैंसर से लड़ने वाले एंजाइम्स को सक्रिय करता है। सल्फोराफेन स्तन, प्रोस्टेट, कोलन और फेफड़ों के कैंसर से लड़ने में प्रभावी हो सकता है। इसी तरह इसमें इसमें इंडोल-3-कारबिनोल भी होता है, जो हार्मोन-संबंधित कैंसर जैसे ब्रेस्ट कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर से बचाव में मदद कर सकता है। आइए जानते हैं कि ब्रोकली को आहार का हिस्सा बनाना हमारे शरीर के लिए किस प्रकार से लाभकारी हो सकता है?
पोषक तत्वों का खजाना है ये सब्जी
करीब 100 ग्राम ब्रोकली से हमारे रोजाना के विटामिन-सी की 91 फीसदी और विटामिन के की 77 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। विटामिन सी एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है जो प्रतिरक्षा प्रणाली को ठीक रखने और त्वचा के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। वहीं विटामिन-के, रक्त के थक्के जमने और हड्डियों के स्वास्थ्य को बढ़ावा दे सकता है। इसमें  फोलेट (विटामिन बी9) भी पाया जाता है जो गर्भवती लोगों में सामान्य ऊतकों की वृद्धि और कोशिका के कार्यों के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसका सेवन कई प्रकार से हमारे लिए फायदेमंद है। ब्रोकली में घुलनशील और अघुलनशील दोनों तरह का फाइबर होता है, जो आंतों को स्वस्थ रखता है। यह कब्ज, एसिडिटी और पेट की सूजन जैसी समस्याओं से राहत दिला सकती है। एक अध्ययन  में पाया गया कि ब्रोकली खाने से आंतों में गुड बैक्टीरिया (गट माइक्रोबायोम) का संतुलन बेहतर होता है, जिससे पाचन स्वास्थ्य ठीक रहता है।
why is broccoli healthy for you know broccoli nutritional value and health benefits
कोलेस्ट्रॉल-हृदय के लिए लाभकारी
ब्रोकली हृदय की सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है, असल में यह हृदय रोग के जोखिम मार्करों को कम करने में सहायक है।
  • एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग ब्रोकली का सेवन करते हैं, उनमें एलडीएल कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड का स्तर कम होता है, ये दोनों कई प्रकार के हृदय रोगों का प्रमुख जोखिम कारक हैं।
  • इसके अलावा ब्रोकली, शरीर में इंफ्लामेशन को कम करने में भी मदद करती है जिससे हृदय की बीमारियों का जोखिम कम हो सकता है।
  • ब्रोकली में विटामिन सी की भरपूर मात्रा होती है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता (इम्यूनिटी) को मजबूत करती है। यह सर्दी-जुकाम, संक्रमण और अन्य बीमारियों से शरीर को लड़ने में मदद करता है।
  • इसके अलावा ब्रोकली में ल्यूटिन और जेक्सैन्थिन जैसे यौगिक भी होते हैं, जो मोतियाबिंद और उम्र से संबंधित मैक्यूलर डिजनरेशन से बचाव करते हैं।अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

Related Articles

Back to top button