Latest news

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने जताया दुख, कहा- मजबूत की जाए सुरक्षा व्यवस्था

कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास मची भगदड़ में मौतों पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट करते हुए अधिकारियों से आग्रह किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को तुरंत मजबूत किया जाए, ताकि ऐसी कोई और त्रासदी न हो। खरगे ने एक्स पर लिखा, आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न के दौरान बंगलूरू में भगदड़ की घटना को लेकर बहुत दुखी हूं। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कई कीमती जानें चली गईं और कई लोग घायल हुए, यह अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ खरगे ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी बंगलुरु के लोगों के साथ खड़ी है और कर्नाटक सरकार द्वारा किए जा रहे राहत, चिकित्सा सहायता और पीड़ित परिवारों की मदद के सभी प्रयासों में पूरा सहयोग देगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा, ‘राज्य सरकार और संबंधित अधिकारियों को ऐसे आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं की तुरंत समीक्षा करनी चाहिए और उन्हें और मजबूत करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी कोई त्रासदी दोबारा न हो। जीत का जश्न कभी भी इंसानी जान की कीमत पर नहीं होनी चाहिए।’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास आईपीएल में आरसीबी की जीत के बाद जश्न के दौरान भगदड़ बेहद दिल तोड़ देने वाली है। इस हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदननाएं। सभी घायलों के जल्द और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्होंने कहा, इस दुख की घड़ी में मैं बंगलूरू की जनता के साथ खड़ा हूं। कर्नाटक सरकार को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता और राहत तुरंत पहुंचानी चाहिए। यह घटना एक सबक देती है कि कोई भी जश्न इंसानों की जान से बढ़कर नहीं हो सकता। हर सार्वजिक कार्यक्रम के लिए सुरक्षा के सभी नियमों की समीक्षा होनी चाहिए और उन्हें सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। जान की हिफाजत हमेशा पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भगदड़ के बाद लोगों से शांत रहने और घबराहट से बचने की अपील की। उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों से बात की और भरोसा दिलाया कि स्थिति नियंत्रण में है। शिवकुमार ने यह भी बताया कि वह जल्द ही अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति की समीक्षा करेंगे।
राज्य की विधानसभा परिषद के सदस्य बी.के. हरिप्रसाद ने बताया कि इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने एक्स पर कहा, बंगलूरू में आरसीबी क्रिकेट टीम की विजय परेड के दौरान भगदड़ में 11 से अधिक लोगों की मौत की खबर बेहद चौंकाने वाली और दुर्भाग्यपूर्ण है। कई घायल लोगों की हालत गंभीर है। सरकार को तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को उचित इलाज मुहैया कराना चाहिए। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।

Related Articles

Back to top button