Latest newsUncategorized

विदेश भागने की फिराक में थे लॉरेंस के 40 गुर्गे; फर्जी पासपोर्ट का नेटवर्क चलाता था उत्तराखंड का राहुल

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने खुलासा किया है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में फैले लॉरेंस गैंग के करीब 40 गैंगस्टर विदेश भागने की फिराक में थे। ये सभी लॉरेंस के करीबी उत्तराखंड निवासी राहुल सरकार के संपर्क में थे। एनआईए की रिपोर्ट के मुताबिक जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली और चंडीगढ़ में बड़ी वारदात को अंजाम दिलवाने के बाद आरोपी राहुल सरकार को मैसेज भेजकर उसके शूटरों या गैंगस्टरों को विदेश भेजने का बंदोबस्त कराता था। एनआईए ने जांच में अंदेशा जताया है कि सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड और महाराष्ट्र के एनसीपी अजीत गुट के नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल शूटरों को भी विदेश भगाने के लिए राहुल सरकार के फर्जी पासपोर्ट के नेटवर्क का इस्तेमाल हुआ है। एनआईए ने 23 मई को लॉरेंस गैंग के फर्जी पासपोर्ट के नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे आरोपी राहुल सरकार को दबोचा था। 22 गैंगस्टर पंजाब के  एनआईए के एक अधिकारी ने बताया कि इन 40 गैंगस्टरों में से 22 सिर्फ पंजाब के हैं, जो आरोपी राहुल सरकार के संपर्क में थे। 2022 में हुए सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य आरोपी सचिन थापन को भी विदेश भागने में राहुल सरकार ने मदद की थी।

भागने की फिराक में थे ये बदमाश
विदेश भागने की तैयारी कर रहे गैंगस्टरों में मनदीप सिंह व जतिंदर सिंह भी शामिल हैं। मनदीप ने सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में शूटरों और 2017 में गैंगस्टर दीपक टीनू को विदेश भगाने में भी मदद की थी। मनदीप पर चंडीगढ़ व हरियाणा में हत्या के प्रयास, लूट, फिरौती और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। गैंगस्टर अंकित, अजय सिंह उर्फ अजयपाल, लखविंदर, हरजिंदर सिंह उर्फ लाडी, सुबीर सिंह उर्फ सुबी, अर्शदीप सिंह, शुभम कुमार, महफूज उर्फ विशाल खान भी भागने की तैयारी में थे।

लॉरेंस के कई लोगों को विदेश भेज चुका है राहुल
एनआईए ने बताया आरोपी राहुल सरकार अब तक लॉरेंस गैंग के 50 से ज्यादा गैंगस्टरों को फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भेज चुका है। इसमें पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई नामी गैंगस्टर शामिल हैं। अब एनआई इन सबका रिकॉर्ड खंगाल रही है। इन्हें डिपोर्ट कराने की कोशिश जारी है।

Related Articles

Back to top button