Latest newsPodcast

‘सत्ता में हैं तो शालीन रहें, तैयारी से TV बहस में जाएं’, पीएम मोदी ने भाजपा प्रवक्ताओं को दी नसीहत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रियों के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं को शालीन व्यवहार अपनाने और विनम्र रहने की नसीहत दी है। बृहस्पतिवार को अपने सरकारी आवास पर प्रवक्ताओं के साथ दो घंटे की बैठक में उन्होंने टीवी डिबेट में जाने से पहले विषय वस्तु का गहन अध्ययन और पूरी तैयारी करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने प्रवक्ताओं से डिजिटल युग में सोशल मीडिया के व्यापक प्रभाव पर बात करते हुए सरकार की उपलब्धियां गिनाने, नीतियों, योजनाओं और कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी देने के लिए रील्स, शॉर्ट स्टोरी और सोशल मीडिया के अन्य टूल्स का बेहतर इस्तेमाल करने का मंत्र दिया।सत्ता के साथ विनम्रता जरूरी- पीएम मोदी
बैठक में पीएम ने कहा कि सत्ता के साथ विनम्रता बेहद जरूरी है। आप सत्ता में हैं, इसलिए आपके व्यवहार और बातचीत में विनम्रता, गंभीरता, शालीनता और वाणी पर नियंत्रण दिखनी ही चाहिए। आप यह मत भूलें कि हम सत्ताधारी पार्टी हैं। सत्तधारी दल से लोगों की अपेक्षा बहुत बढ़ जाती है। फिर हमारे 11 साल के कामकाज और परिणामों ने लोगों की अपेक्षाओं में और बढ़ोत्तरी की है। सत्ताधारी पार्टी होने के नाते व्यवहार में अभिमान का भाव नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए हर माध्यम का उपयोग करें। सोशल मीडिया में रील्स, शॉर्ट स्टोरी जैसे टूल्स बेहद प्रभावी हैं। प्रवक्ताओं को इन माध्यमों का उपयोग करना चाहिए। पीएम ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया के टूल्स के इस्तेमाल से प्रचार में नयापन आएगा। प्रधानमंत्री ने इस दौरान कुछ प्रवक्ताओं के अनुभव भी सुने और संगठन में रहने के दौरान के अपने अनुभव भी साझा किए। अपने संगठन के दिनों में प्रचार की चुनौतियों की जानकारी दी और वर्तमान समय की चुनौतियों का भी जिक्र किया। इस दौरान भी उन्होंने अध्ययन पर विशेष जोर दिया।
प्रेस कांफ्रेंस-डिबेट की करें बेहतर तैयारी
मोदी ने प्रवक्ताओं से प्रचार में नयापन लाने के साथ टीवी डिबेट में जाने या प्रेस कांफ्रेंस करने से पहले व्यापक अध्ययन और तैयारी करने का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि जिस विषय पर डिबेट या प्रेस कांफ्रेंस है, उससे संबंधित विषय वस्तु को गहन अध्ययन करें। तथ्यों के साथ पूरी गंभीरता और शालीनता से अपनी बात रखें। प्रधानमंत्री ने इस दौरान सोशल मीडिया के नए और चर्चित माध्यमों के इस्तेमाल का भी सुझाव दिया।

Related Articles

Back to top button