जयशंकर बोले- UK, कनाडा और पुर्तगाल के समकक्षों के संपर्क में, हर संभव मदद का जताया भरोसा

अहमदाबाद में गुरुवार को हुए एयर इंडिया विमान हादसे के चलते पूरे देश में शोक का माहौल है। इसी बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को जानकारी दी कि वे ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी, पुर्तगाल के विदेश मंत्री पाउलो रंगेल और कनाडा की विदेश मंत्री अनिता आनंद के संपर्क में हैं। जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि अहमदाबाद विमान हादसे को लेकर ब्रिटेन, पुर्तगाल और कनाडा के विदेश मंत्रियों से बातचीत की। हमने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और साथ ही हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है। गुरुवार को जब विमान हादसा हुआ, तब विदेश मंत्री एस जयशंकर अपने यूरोप दौरे पर थे। उन्होंने फ्रांस के मार्सिले में फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह बहुत दुखद घटना है। साथ ही उन्होंने फ्रांसीसी सरकार और अन्य देशों द्वारा भेजी गई संवेदनाओं के लिए धन्यवाद जताया और कहा कि हादसे की सही जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी। वहीं ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने भी जयशंकर की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि यह हादसा ब्रिटिश और भारतीय परिवारों को गहरे तौर पर प्रभावित करने वाला है। हम इस कठिन समय में भारत को हरसंभव मदद देने को तैयार हैं।



