Health&wellnessLatest news

गर्मियों में इस फल को आहार में जरूर करिए शामिल, पाचन से लेकर गठिया तक में मिलेगा लाभ

शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आहार को ठीक रखना सबसे जरूरी माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक सभी लोगों को रोजाना आहार में फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। फलों में कई प्रकार की पोषकता होती है जो शरीर को संक्रमण के साथ अन्य रोगों से भी सुरक्षित कर सकती है। तो क्यों न ऐसे फलों का सेवन किया जाए जो इम्युनिटी बढ़ाने के साथ कई अन्य तरह के रोगों से भी शरीर को सुरक्षा दे सकें। गर्मियों में ताजगी का एहसास कराने वाला एक रसीला फल है अनानास। इसके खट्टे-मीठे स्वाद के साथ इसमें छुपा है सेहत का खजाना। अनानास न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि इसमें ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि इसका नियमित सेवन पाचन से लेकर रोग प्रतिरोधक क्षमता तक को बेहतर बनाता है। आइए जानते हैं कि कैसे तमाम तरह के पोषक तत्वों से भरपूर इस फल का सेवन हमारी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है?
पोषक तत्वों का खजाना है ये फल
एक अध्ययन के अनुसार अनानास में कई ऐसे पोषक तत्वों की मौजूदगी होती है जो शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूती देने के साथ बीमारियों से भी हमें सुरक्षा प्रदान कर सकते हैं। इसमें विटामिन सी, जिंक और मैंगनीज की भी उच्च मात्रा पाई जाती है। लो कैलोरी वाले इस फल में डाइट्री फाइबर और ब्रोमेलैन भी भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। ब्रोमेलैन एक प्रकार का एंजाइम जो शरीर को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
pineapple nutrition facts and health benefits in arthritis and stomach issues ananas khane ke fayde
गठिया रोगियों के लिए लाभदायक है अनानास
अनानास का सेवन गठिया रोगियों के लिए विशेष फायदेमंद माना जाता है। अनानास में मौजूद ब्रोमेलैन को एंटी इंफ्लामेटरी माना जाता है जो गठिया में सूजन और दर्द से राहत दे सकता है। 1960 के दशक में किए गए अध्ययनों से पता चलता है कि ब्रोमेलैन का उपयोग गठिया के लक्षणों को कम करने में बेदह फायदेमंद हो सकता है।
कई तरह के कैंसर से मिलती है सुरक्षा
कई अध्ययनों से संकेत मिलता है कि अनानास में मौजूद यौगिक कैंसर से लड़ने में मदद कर सकते हैं। लैब परीक्षण से पता चलता है कि ब्रोमेलैन, स्तन कैंसर कोशिकाओं के विकास को प्रभावित करके इनको नष्ट करने में सहायक है। इसके अलावा अनानास का सेवन करने से  त्वचा, पित्त नली, गैस्ट्रिक प्रणाली और बृहदान्त्र में कैंसर की आशंका भी कम रहती है। अनानास में मौजूद ब्रोमेलैन नामक एंजाइम प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है। इससे खाना जल्दी पचता है और कब्ज जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

Related Articles

Back to top button