भाषा विवाद के बीच अचानक क्यों ट्रोल हुईं काजोल? हिंदी बोलने से जुड़ा है मामला…वीडियो वायरल

महाराष्ट्र में भाषा विवाद अभी पूरी तरह थमा नहीं है। इस बीच अभिनेत्री काजोल का एक वीडियो सामने आया है। इस वायरल वीडियो को देखने के बाद हिंदी भाषी नेटिजन्स का गुस्सा भड़क गया है और वे अभिनेत्री को ट्रोल कर रहे हैं। दरअसल, हुआ यह कि काजोल हाल ही में मुंबई में आयोजित महाराष्ट्र राज्य फिल्म पुरस्कार में शामिल हुईं। इस दौरान इस कार्यक्रम में काजोल एक रिपोर्टर पर नाराजगी जताती दिखीं और वह भी इस बात पर क्योंकि उसने अभिनेत्री से हिंदी बोलने को कहा। पुरस्कार समारोह में काजोल को भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित राज कपूर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। काजोल ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद वहां लोगों को संबोधित किया और आभार जताया। इस दौरान उन्होंने अधिकांश समय मराठी और अंग्रेजी बोली। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अधिकांश जवाब मराठी भाषा में दिए। इसी दौरान एक रिपोर्टर ने उन्हें हिंदी में अपनी बात दोहराने को कहा। इस पर काजोल भड़क गईं।



