चुनाव से पहले शिवसेना-मनसे गठबंधन की चर्चा तेज, संजय राउत बोले- फैसला सिर्फ ठाकरे भाइयों का होगा

मुंबई में आगामी नगर निगम चुनावों से पहले शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के बीच संभावित गठबंधन की अटकलें तेज हो गई हैं। इस पर शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने रविवार को स्पष्ट किया कि इस बारे में अंतिम फैसला सिर्फ उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ही लेंगे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि मनसे के कुछ नेता जो गठबंधन का विरोध कर रहे हैं, वे राजनीति में हाल ही में आए हैं। उन्हें बोलने का कोई अधिकार नहीं है। राउत ने कहा कि मैं वर्षों से ठाकरे भाइयों को करीब से जानता हूं और मुझे अच्छी तरह पता है कि क्या होगा और क्या नहीं।
राज ठाकरे ने की थी सीएम फडणवीस से मुलाकात
बता दें कि यह बयान मनसे नेता संदीप देशपांडे की आलोचनात्मक टिप्पणी के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) पर निशाना साधा था। जहां हाल ही में राज ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई के एक होटल में मुलाकात की थी, जिससे यह चर्चा और तेज हो गई कि वे भाजपा के साथ फिर से हाथ मिला सकते हैं।



