Celebrity newsLatest news

‘सेट जलाना अब धंधा बन गया है’, ‘अनुपमा’ सेट कांड पर भड़के यूनियन प्रेसिडेंट बीएन तिवारी

टीवी शो ‘अनुपमा’ के सेट पर आज (23 जून) सुबह आग लग गई। हादसा गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में सुबह करीब 5 बजे हुआ। आग इतनी तेज थी कि पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे में काबू पाया गया। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सेट को भारी नुकसान हुआ है। अब फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इस घटना को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उनका मानना है कि ये सब इंश्योरेंस क्लेम के लिए किया जाता है। अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में बीएन तिवारी ने कहा, ‘हर बार सेट जलता है और फिर इंश्योरेंस क्लेम लिया जाता है। ये अब आम बात हो गई है। ऐसी घटनाएं एक्सीडेंट कम, प्लान ज्यादा लगती हैं। फिल्म सिटी में कोई फायर सेफ्टी ऑडिट नहीं होता। सिलिंडर तो रख देते हैं, लेकिन कोई नहीं देखता कि उनकी एक्सपायरी डेट क्या है। आग बुझाने के इंतजाम सिर्फ दिखावे के लिए होते हैं।’

‘यूनियन अब इस मामले में एक्शन लेने जा रही है’
बीएन तिवारी ने इस मामले पर कहा कि ऐसा बताया जा रहा है कि  आग साउथ साइड से लगी, लेकिन असल में अभी तक सच्चाई किसी को पता नहीं है। कोई रिपोर्ट साफ नहीं है। हम इस पर चुप नहीं बैठ सकते। बड़े प्रोड्यूसरों और फिल्ममेकर्स पर सीधा आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, ‘सच्चाई ये है कि संजय लीला भंसाली जैसे डायरेक्टर ने भी इंश्योरेंस क्लेम के लिए सेट पर आग लगवाई है। असल में अब ये बंद होना चाहिए। वरना हर सेट एक दिन बीमा का बहाना बन जाएगा। यूनियन अब इस मामले में सीधा एक्शन लेने जा रही है।’

FWICE President BN Tiwari Reacts On Anupama Fire Set Incident Says It Is Became Business For Insurance Claim

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष ने आगे कहा कि हम फिल्म सिटी के एमडी और हेल्थ एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट से मीटिंग कर रहे हैं। अशोक दुबे और यूनियन की टीम आज ही मिल रही है। इस बार ये मामला दबेगा नहीं। हादसे के वक्त सेट पर कोई कलाकार या क्रू मौजूद नहीं था, सिर्फ सुरक्षा गार्ड थे। इस पर उन्होंने कहा कि सुबह 5 बजे आग लगी, इसलिए कोई वहां नहीं था। वरना बहुत बड़ा नुकसान हो सकता था। कब तक भगवान भरोसे चलेंगे हम?

‘इस बार हम चुप नहीं बैठेंगे, कोर्ट तक जा सकता है मामला’
आखिर में बीएन तिवारी ने कहा, ‘अगर सेट जलाकर इंश्योरेंस क्लेम लेने का धंधा चल रहा है, तो यूनियन अब बख्शेगी नहीं। इस बार मामला कोर्ट तक भी जा सकता है। हम इन प्रोड्यूसर्स पर सख्त कारवाई करने के लिए तैयार है। इस बार चुप नहीं बैठेंगे। ये सिर्फ सेट नहीं जला है, इंडस्ट्री की लापरवाही की परतें भी खुली हैं। अगर अब भी आंखें मूंद ली गईं, तो अगली आग शायद किसी की जान ले लेगी। हम बख्शेंगे नहीं।’ ‘अनुपमा’ के दो सेट हैं। एक फिल्म सिटी ऑफिस के पास और दूसरा ‘बिग बॉस’ के सेट के सामने। आग फिल्म सिटी ऑफिस के पास वाले सेट पर लगी। पास ही अमर उपाध्याय के शो ‘डोरी’ का सेट भी था, जो बच गया। हमने इस बारे में प्रोड्यूसर राजन शाही और उनकी टीम से बात करने की कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया।

Related Articles

Back to top button