Latest newsSports

‘अपने बल्ले से क्रिकेट को नया रूप दे रहे हैं ऋषभ’, पंत का मुरीद हुआ यह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज और भारत के पूर्व मुख्य कोच ग्रेग चैपल ने ऋषभ पंत की जमकर तारीफ की है। लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की दोनों पारियों में पंत के शतक के बाद चैपल ने कहा कि यह विकेटकीपर बल्लेबाज बल्लेबाज के तौर पर खेल को नया रूप दे रहे हैं। पंत ने पहले टेस्ट में 134 (178 गेंद, 12 चौके, छह छक्के) और 118 रन (140 गेंद, 15 चौके, तीन छक्के) की पारियां खेलीं। इस दौरान उन्होंने कुछ रिकॉर्ड भी बनाए। भारत ने हालांकि यह मैच पांच विकेट से गंवा दिया। चैपल ने कहा कि भारत के टेस्ट उप कप्तान पंत ऐसे शॉट खेल रहे हैं जो एमसीसी प्लेइंग मैनुअल में भी नहीं हैं। उन्होंने बुधवार को एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान कहा, ‘जब मैंने पहली बार उन्हें देखा तो उसने मुझे एडम गिलक्रिस्ट की याद आ गई थी। बेशक एक अलग तरह का खिलाड़ी। जब एक विकेटकीपर उस स्तर पर बल्लेबाजी कर सकता है और तेजी से रन बना सकता है तो यह टीम के लिए कितना बड़ा अंतर पैदा कर सकता है, आप समझ सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘खूबसूरती यह है कि ऋषभ बहुत तेजी से रन बनाते हैं, जिससे आपको क्रिकेट मैच जीतने का समय मिल जाता है। उनका प्रदर्शन शानदार था। उन्होंने जो शॉट खेले उनमें से कुछ एमसीसी की खेल नियमावली में नहीं थे। वह एक बल्लेबाज के रूप में खेल को नया रूप दे रहे हैं। आधुनिक तकनीक के साथ बल्ले बहुत अलग हैं और आप ऐसे शॉट खेल सकते हैं जो पुराने जमाने में संभव नहीं थे। उन्हें देखना रोमांचक है।’

‘पंत क्या करेंगे इसका अंदाजा किसी को नहीं’

IND vs ENG: 'Pant giving new look to Test cricket with bat', Former Aussie Greg Chappell fan of Rishabh Pant
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि कोई कभी नहीं जान सकता कि पंत क्रिकेट के मैदान पर क्या कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘आप कभी नहीं जानते कि पहली गेंद से उनसे क्या उम्मीद की जाए। किसी भी स्तर पर वह तेज गेंदबाजों के लिए खिलाफ आगे बढ़कर या गिरते हुए रैंप शॉट खेल सकते हैं। आप कभी नहीं जानते कि क्या उम्मीद करनी है। इससे विपक्षी टीम सतर्क रहती है। वह मैच विजेता हैं और उन्होंने लीड्स टेस्ट में लगभग अंतर पैदा कर दिया था।’ चैपल ने कहा कि शुभमन गिल ने भारतीय टेस्ट कप्तान के रूप में अच्छी शुरुआत की, भले ही पांच मैचों की सीरीज के शुरुआती टेस्ट में परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा। उन्होंने कहा, ‘यह एक शानदार टेस्ट मैच था। दुख की बात है कि परिणाम भारत के पक्ष में नहीं रहा। उनके लिए बहुत सारी अच्छी चीजें थीं। गिल ने कप्तान और खिलाड़ी के रूप में शानदार शुरुआत की, भले ही उन्हें परिणाम नहीं मिला।’

चैपल ने गिनाई टीम इंडिया की गलतियां

चैपल ने कहा, ‘अंतिम दिन की परिस्थितियां टेस्ट मैच के किसी भी अन्य चरण की तुलना में शायद बेहतर थीं। गिल और भारतीय थिंक टैंक दोनों ने आगे क्या करना है, इस बारे में बहुत कुछ सीखा होगा। गिल और बेहतर होते जाएंगे। मुझे लगता है कि उनकी शुरुआत बहुत अच्छी थी। अगर टीम ने अधिक कैच लिए होते और निचला क्रम थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करता तो परिणाम बहुत अलग हो सकते थे।’

Related Articles

Back to top button