Latest newsSports

वरुण ने चुनी टी20 की ड्रीम प्लेइंग-11, कोहली-रोहित को किया बाहर, बटलर-हेड को बनाया ओपनर

भारत को दो-दो आईसीसी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अपनी ड्रीम टी20 इलेवन का खुलासा किया है। वरुण ने आश्चर्यजनक रूप से, इस इलेवन में विराट कोहली या रोहित शर्मा को शामिल नहीं किया है। उन्होंने ओपनिंग की जिम्मेदारी जोस बटलर और ट्रेविस हेड को दी है। उनकी ड्रीम प्लेइंग-11 में भारत और वेस्टइंडीज के सबसे ज्यादा तीन-तीन खिलाड़ी हैं। वहीं, इस इलेवन में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान और श्रीलंका का एक-एक खिलाड़ी है। वरुण ने इस प्लेइंग-11 में उन्हीं खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिनके साथ या खिलाफ वह खेल चुके हैं। महेंद्र सिंह धोनी और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ी इस सूची में शामिल नहीं हैं। वरुण की ड्रीम प्लेइंग-11 में बटलर और हेड को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई, जबकि तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार दिख रहे हैं। चौथा स्थान, जो कि विराट का बैटिंग पोजिशन है, उस पर वरुण ने निकोलस पूरन को चुना है। विकेटकीपर के तौर पर वरुण ने हेनरिक क्लासेन को बाकियों पर तरजीह दी। हालांकि, इस टीम में क्लासेन के अलावा बटलर और पूरन भी विकेटकीपिंग कर सकते हैं। हार्दिक पांड्या और आंद्रे रसेल के रूप में उन्होंने दो पेस बॉलिंग ऑलराउंडर्स चुने हैं। स्पिनर के तौर पर वरुण ने सुनील नरेन और राशिद खाद को शामिल किया। वहीं, तेज गेंदबाजी का जिम्मा जसप्रीत बुमराह और मथीशा पथिराना को सौंपा। कुल मिलाकर उनकी टीम संतुलित दिख रही है। नरेन और राशिद के अलावा हेड भी स्पिन बॉलिंग कर सकते हैं। कुल मिलाकर इस टीम में गेंदबाजी के सात विकल्प हैं, जबकि बल्लेबाजी का विकल्प आठ नंबर तक है।
Varun Chakravarthy revealed his Dream T20 XI during a chat with R Ashwin on YouTube; no Virat Kohli or Rohit
हालांकि, सोशल मीडिया पर फैंस कोहली और रोहित को भी इस टीम में शामिल करने की बात कह रहे हैं। वहीं, कुछ फैंस ने रसेल की जगह रवींद्र जडेजा को शामिल करने की मांग की। इसके अलावा कुछ फैंस यशस्वी जायसवाल और अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठाते दिखे। वरुण ने अश्विन के साथ बातचीत में अपनी संघर्ष की कहानी भी सुनाई। साथ ही बताया कि वह कई चीजों में हाथ आजमा चुके हैं और हर बार दिल की सुनी।
शुरुआती जीवन और संघर्ष
वरुण चक्रवर्ती ने बताया कि क्रिकेट में आने से पहले उन्होंने फिल्मों में काम किया था। उन्होंने आर्ट डायरेक्शन टीम में असिस्टेंट के तौर पर काम किया और कभी-कभी फिल्मों में एक्स्ट्रा कलाकार भी बने। वरुण ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनकी पहली कमाई सिर्फ 879 रुपये थी, जो उन्होंने एक फिल्म शूट के दौरान कमाई थी। वरुण ने कहा कि जब वो क्रिकेट में आए तो उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उन्होंने बताया कि उनकी सैलरी में लगभग 4200 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, ‘आज मैं जो कुछ भी हूं, वो सिर्फ क्रिकेट की वजह से हूं।’ अश्विन ने भी उनकी मेहनत की तारीफ की और कहा कि वरुण का सफर बाकी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। वरुण ने अंत में कहा, ‘कोई भी सपना छोटा नहीं होता। अगर मेहनत और लगन हो, तो जिंदगी कभी भी बदल सकती है।’

Related Articles

Back to top button