परेश रावल की ‘हेरा फेरी 3’ में वापसी पर बोले सुनील शेट्टी, कहा- ‘फाइन-ट्यूनिंग हो चुकी है…’

दर्शक बहुत ही बेसब्री से ‘हेरा फेरी 3’ का इंतजार कर रहे हैं। पिछले कुछ वक्त से फिल्म लगातार चर्चा में भी बनी हुई है। हालांकि, बीच में दर्शकों को तब निराशा हाथ लगी जब परेश रावल ने फिल्म से खुद को बाहर कर लिया। इसके बाद उनके और अक्षय कुमार के बीच लीगल एक्शन से लेकर काफी कुछ हुआ। लेकिन अब जब परेश रावल ने फिर से फिल्म में वापसी की पुष्टि की है। तब से फैंस एक बार फिर राजू, बाबू भैया और श्याम की तिकड़ी के रूप में अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी को देखने के लिए बेताब हैं। अब श्याम यानी कि सुनील शेट्टी ने परेश रावल के फिल्म में फिर से वापसी को लेकर बात की और अपनी प्रतिक्रिया दी है। साईं सफर यूट्यूब चैनल से बातचीत के दौरान सुनील शेट्टी ने परेश रावल के ‘हेरा फेरी 3’ में फिर से वापस आने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं भी सुन रहा हूं कि फाइन-ट्यूनिंग हो चुकी है। अब रिलीज के बाद ही इस पर बात करूंगा। उससे पहले हेरा फेरी के बारे में बात ही नहीं करूंगा। फिल्म के बारे में बताते हुए एक्टर ने कहा, “’हेरा फेरी 3′ अपने मेन प्लॉट पर ही कायम रहेगी। एक ऐसी फिल्म है जिसे हर कोई एक साथ देख सकता है और बिना किसी चिंता के हंस सकता है। यह पहले के दो पार्ट की तरह ही एक फैमिली एंटरटेनर फिल्म होगी, जो आपको सिर्फ हंसाएगी और आप बिना किसी झिझक के अपने पूरे परिवार के साथ इसे एंजॉय कर सकते हैं।”



