मुंबई में चार साल में 427 पुलिसकर्मियों की मौत; 75 को पड़ा दिल का दौरा, 25 ने की आत्महत्या

लंदन की मेट्रोपोलिटन पुलिस (स्कॉटलैंड यार्ड) के बाद मुंबई पुलिस को दुनिया में दूसरे नंबर की पुलिस माना जाता है, लेकिन देश की आर्थिक राजधानी में पिछले चार वर्षों में 427 पुलिसकर्मियों की असामयिक मौत होने का चौंकाने वाला सच सामने आया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि मुंबई में वर्ष 2022 से जून 2025 के बीच 427 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौत हुई है। इनमें से 25 ने आत्महत्या की है, जबकि 75 पुलिसकर्मियों का हृदयाघात से निधन हुआ। वहीं, छह लोगों की कैंसर के कारण मौत हुई। सीएम ने विधान परिषद में दिए जवाब में कहा कि इन पुलिसकर्मियों की मौत के मामले में कोई जांच नहीं की गई, क्योंकि उनके रिश्तेदारों ने कोई संदेह नहीं जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के 150 दिवसीय योजना कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों की अनुकंपा भर्ती से संबंधित सभी मामलों को मिशन मोड पर हल किया जाएगा। इस संबंध में सभी विभागों को आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने विधान परिषद में शिवसेना के सुनील शिंदे की जांच की मांग पर यह जवाब दिया है।
मुंबई पुलिस के लिए 8 घंटे का ड्यूटी कॉन्सेप्ट लागू
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में 8 घंटे की ड्यूटी का कॉन्सेप्ट लागू है। कभी-कभी त्योहारों या बंदोबस्त के दौरान पुलिसवालों को ज्यादा ड्यूटी करनी पड़ती है, लेकिन पुलिस की 8 घंटे की ड्यूटी अब स्थिर हो गई है। साथ ही, पुलिस को साप्ताहिक अवकाश देना शुरू कर दिया गया है। वहीं, 40 वर्ष से अधिक आयु के पुलिसकर्मियों के लिए साल में एक बार और 50 वर्ष से अधिक आयु के पुलिसकर्मियों के लिए साल में दो बार स्वास्थ्य जांच अनिवार्य किया गया है। 40 तरह की बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। इसके लिए राज्य के 270 अस्पतालों के साथ समझौता किया गया है। टाटा मेमोरियल और एके मेहता हॉस्पिटल के साथ कैंसर जांच शिविर आयोजित किए गए हैं।
ड्रग्स तस्करों पर नकेल कसने के लिए मकोका में होगा संशोधन
महाराष्ट्र सरकार ड्रग्स तस्करों के खिलाफ कठोर कानून बनाने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मादक पदार्थ तस्करों पर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कठोर कार्रवाई करने के लिये मौजूदा कानूनों में संशोधन करेगी। यह संशोधन राज्य विधानमंडल के चल रहे मानसून सत्र में किया जाएगा।



