‘हम धर्मनिरपेक्ष लोग हैं’, जायेद खान ने बताया क्यों हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था मां जरीन खान का अंतिम संस्कार

पिछले साल अभिनेता जायेद खान की मां व पूर्व अभिनेत्री जरीन खान का निधन हो गया था। इसके बाद उनके बेटे जायेद खान द्वारा हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार उनकी अंतिम संस्कार की रस्में निभाते हुए वीडियो सामने आए, जिससे ऑनलाइन काफी चर्चा हुई। अब कई महीनों बाद इन चर्चाओं और आलोचनाओं पर जायेद खान ने जवाब दिया है। एक्टर ने बताया कि आखिर क्यों ऐसा किया गया? जूम के साथ हालिया बातचीत में जायेद खान ने अपनी मां की अंतिम इच्छा को लेकर बात की। साथ ही उन्होंने हिंदू रीति-रिवाज से उनका अंतिम संस्कार करने के पीछे की वजह भी बताई। एक्टर ने कहा कि हमारे घर में इंसानियत सबसे ऊपर है। मेरे यहां स्टाफ और वर्कर्स अलग-अलग कल्चर व पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके रहने, खाने और अन्य खर्चों का ख्याल रखने के अलावा, उनका परिवार यह भी सुनिश्चित करता है कि उनके बच्चों को आवश्यक मौके मिलें। हमारा परिवार धर्म को एक बहुत ही निजी मामला मानता है। इसे देखने का तरीका अलग-अलग होता है, न कि यह कि कौन सा बेहतर है और कौन सा बुरा। ये ऐसी बातें नहीं हैं जिन पर बहस करना उचित है। हम खुद को एक धर्मनिरपेक्ष परिवार मानते हैं और हमें यह बताने की जरूरत नहीं है कि क्यों।



