India newsLatest news

‘पति की मौत का घाव मिटाया नहीं जा सकता, लेकिन..’, पहलगाम के दोषियों के खात्मे पर शबरी गुहा

भारतीय सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम देने वाले तीन आतंकवादियों को मार गिराया है। इस पर पहलगाम हमले में मारे गए समीर गुहा की पत्नी शबरी गुहा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि पति की मौत का घाव मिटाया तो नहीं जा सकता, लेकिन आतंकियों के मारे जाने से कुछ राहत जरूर मिली है। गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर 26 निर्दोष पर्यटकों को मौत के घाट उतार दिया था। मरने वालों में 25 भारतीय पर्यटकों के साथ एक नेपाली नागरिक भी शामिल था। इस हमले में कोलकाता के बेहाला के साखेरबाजार निवासी समीर गुहा की भी मौत हो गई थी। वह केंद्र सरकार के कर्मचारी थे।

हमें उम्मीद थी- हमले में शामिल आतंकवादी मारे जाएंगे
शबरी गुहा ने कहा कि मैं अपने सशस्त्र बलों, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस को बधाई देना चाहती हूं, जिन्होंने एक बड़ा ऑपरेशन कर सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने कई कदम उठाए। ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। हमें उम्मीद थी कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकवादी मारे जाएंगे। शबरी ने आगे कहा कि सशस्त्र बलों को देश में जहां कहीं भी आतंकवादी हों, उनका सफाया करना चाहिए। हमें सरकार और सशस्त्र बलों पर भरोसा है।

ऐसे दिया ऑपरेशन महादेव को अंजाम 
पहलगाम आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों ने दो बार सैटेलाइट फोन से बात की थी। सुरक्षा बलों को 15 दिन के अंतराल पर सैटेलाइट पोन से सिग्नल मिले। इसके अलावा, खानाबदोशों से भी खुफिया जानकारी मिली, जिससे सुरक्षा बलों को दहशतगर्दों तक पहुंचने में मदद मिली, जो महादेव पहाड़ी पर छिपे थे। इसी पहाड़ी के नाम पर सुरक्षा बलों ने इस ऑपरेशन का नाम ऑपरेशन महादेव रखा और तीनों आतंकवादियों को उनके अंजाम तक पहुंचा दिया।

Related Articles

Back to top button