: राजनीतिक मतभेदों को भूल साथ आया पवार परिवार, पारिवारिक कार्यक्रम में साथ दिखे शरद-अजित पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में बंटवारा हुए दो साल बीत चुके हैं और दोनों गुट राजनीतिक विरोधी हैं। हालांकि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद शरद पवार और अजित पवार पारिवारिक कार्यक्रमों में साथ दिखाई देते रहे हैं। एक बार फिर ऐसा मौका आया, जब पूरा पवार परिवार एक साथ दिखाई दिया। यह मौका था शरद पवार के परपोते युगेंद्र पवार के सगाई समारोह का। युगेंद्र पवार की मुंबई में तनिष्का कुलकर्णी से सगाई हुई। यह सगाई कार्यक्रम कुलकर्णी परिवार के घर पर हुआ।
सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की तस्वीरें
इस कार्यक्रम में शरद पवार के अलावा, अजित पवार, सुप्रिया सुले, रोहित पवार आदि पवार परिवार के लगभग सभी सदस्य शामिल हुए। सुप्रिया सुले ने सगाई समारोह की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा की। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि ‘तनिष्का और युगेंद्र को हार्दिक बधाई! आप दोनों के जीवन में प्यार और खुशियां बनी रहें। कुलकर्णी परिवार को गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए धन्यवाद।’ जुलाई 2023 में अजित पवार के तत्कालीन शिवसेना-भाजपा गठबंधन सरकार में शामिल होने के बाद राकांपा का विभाजन हो गया था। पार्टी का नाम और उसका चुनाव चिह्न अजित पवार को मिला, जबकि शरद पवार का गुट बना राकांपा (शरदचंद्र पवार)। युगेंद्र पवार, शरद पवार के भतीजे और अजित पवार के भाई श्रीनिवास पवार के बेटे हैं। युगेंद्र पवार ने बीते महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शरदचंद्र पवार) से बारामती विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। युगेंद्र ने अजित पवार के खिलाफ चुनाव लड़ा था और उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
बारामती सीट पर हुआ था मुकाबला
बारामती सीट पवार परिवार का गढ़ मानी जाती है। साल 2024 में भी बारामती सीट पर पवार बनाम पवार का मुकाबला देखने को मिला था, जब शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के सामने अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार की चुनौती थी। हालांकि लोकसभा चुनाव में सुप्रिया सुले ने सुनेत्रा पवार को हरा दिया था। पवार परिवार में भले ही राजनीतिक प्रतिद्वंदिता है, लेकिन राजनीतिक प्रतिद्वंदिता को किनारे रख पूरा परिवार पारिवारिक कार्यक्रमों में अक्सर साथ दिखाई देता है। आखिरी बार शरद पवार और अजित पवार को अजित पवार के बेटे जय पवार की शादी में एक साथ देखा गया था। यह शादी पुणे में धूमधाम से हुई थी।



