साल 2040 तक 55% बढ़ सकते हैं लिवर कैंसर के मामले, अध्ययनकर्ताओं ने बताए इसके रोकथाम के उपाय

कैंसर एक गंभीर और जानलेवा बीमारी है जिसके मामले दुनियाभर में तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। ये मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि हर साल लगभग 1 करोड़ लोगों की कैंसर से मौत हो जाती है। साल 2022 के आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि इस साल कैंसर के कारण 97 लाख से ज्यादा मौतें हुईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि मौतों की संख्या के लिहाज फेफड़ों का कैंसर सबसे घातक कैंसर है, इसके अलावा ब्रेस्ट-लिवर कैंसर का खतरा और इससे मौत के मामले भी बढ़ते जा रहे हैं। पुरुष-महिला हों या बच्चे सभी इसका शिकार हो रहे हैं। लिवर कैंसर को लेकर द लैंसेंट जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन में शोधकर्ताओं की टीम ने इससे बचाव के लिए कुछ उपायों के बारे में बताया है, जिसका अगर कम उम्र से ही पालन कर लिया जाए तो इस जानलेवा बीमारी से बचाव किया जा सकता है। कैंसर रोग विशेषज्ञों ने पाया कि दुनिया में हर पांच में से लगभग तीन लिवर कैंसर के मामलों के लिए हेपेटाइटिस, शराब की आदत और नॉन अल्कोहलिक फैटी लिवर (एनएएफएलडी) जिम्मेदार है। इन जोखिम कारकों पर अगर समय रहते ध्यान दे दिया जाए तो लिवर कैंसर से बचाव किया जा सकता है।




