पहली बार भारत दौरे पर पहुंचे दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून, स्वतंत्रता दिवस पर दी शुभकामनाएं

दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून शुक्रवार शाम भारत की राजधानी नई दिल्ली पहुंचे। यह उनका भारत का पहला दौरा है। भारत के विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। साथ ही कहा कि भारत-दक्षिण कोरिया की विशेष रणनीतिक साझेदारी मजबूत और भविष्य की ओर अग्रसर है। बता दें कि भारत और दक्षिण कोरिया दोनों का स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को मनाया जाता है। इस खास मौके पर चो ह्यून ने भारत को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आज कोरिया का नेशनल लिबरेशन डे और भारत का स्वतंत्रता दिवस है। मैं भारत को दिल से बधाई देता हूं और दोनों देशों के बीच दोस्ती और सहयोग को और मजबूत करने की उम्मीद करता हूं। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी चो ह्यून को दक्षिण कोरिया के स्वतंत्रता दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे भारत में उनके स्वागत के लिए उत्सुक हैं। जयशंकर ने एक पुरानी तस्वीर भी साझा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग से G7 समिट के दौरान मुलाकात की थी।
कोरियाई दूतावास ने जारी किया खास वीडियो
दिल्ली स्थित कोरियाई दूतावास ने भारत के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक खास वीडियो जारी किया, जिसमें कोरियाई राजनयिकों ने हिंदी में भारतवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि भारत के स्वतंत्रता दिवस पर कोरियाई दूतावास से एक पत्र, हिंदी में। देखिए हमारे कोरियाई राजनयिकों की तरफ से खास शुभकामनाएं।
सियोल में भारतीय दूतावास का जश्न
दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में स्थित भारतीय दूतावास में 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़े उत्साह से मनाया गया। राजदूत अमित कुमार ने तिरंगा फहराया और भारत के राष्ट्रपति का संदेश पढ़ा। इसके साथ ही भारतीय समुदाय के लोगों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों को भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं पर गर्व महसूस हुआ।



