Latest newsSports

‘तू कब से मेरा बाप बन गया’, जब इरफान पठान ने सुनाई थी अफरीदी को खरी-खोटी; सुनाया दिलचस्प किस्सा

भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने 2006 में पाकिस्तान दौरे के दौरान शाहीद अफरीदी से हुई बहस पर खुलासा किया है। इरफान ने बताया कि किस तरह उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान को खरी-खोटी सुनाई थी। दरअसल, 2006 में कराची से दोनों टीमें एक ही फ्लाइट में सफर कर रहे थे तभी अफरीदी ने पठान के बाल खराब कर दिए और उन्हें बच्चा कहा जिस पर इरफान ने उन्हें खूब लताड़ा जिसके बाद दोनों खिलाड़ी आपस में उलझ गए थे।
पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा है रिकॉर्ड
इरफान और अफरीदी के बीच शुरू से ही प्रतिद्वंद्विता रही है। इरफान का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहतरीन रहा है। उन्होंने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सभी प्रारूप मिलाकर 67 विकेट लिए हैं और 807 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक भी शामिल है। इरफान ने 2007 टी20 विश्व कप के फाइनल में अफरीदी को शून्य पर आउट भी किया था।
कराची से लाहौर जाते हुए वक्त हुआ था विवाद
इरफान ने लल्लनटॉप से बात करते हुए कहा, 2006 में पाकिस्तान दौरे के दौरान हम कराची से लाहौर जा रहे थे। दोनों टीमें एक साथ यात्रा कर रही थीं। अफरीदी मेरे पास आए और उन्होंने अपना हाथ मेरे सिर पर रखा और बाल को खराब करते हुए बोले, बच्चे तुम कैसे हो? मैंने इस पर उनसे कहा, तू कब से मेरा बाप बन गया। ये उनका बचपना भरा रवैया था क्योंकि वह मेरे दोस्त नहीं है। इसके बाद अफरीदी ने मुझे कुछ अपशब्द कहे, उनकी सीट मेरे पास ही थी।
विवाद उस वक्त बढ़ा जब इरफान पाकिस्तान के ऑलराउंडर अब्दुल रजाक के साथ बात करने लगे जो उनकी पास वाली सीट पर बैठे थे। चर्चा उस वक्त तीखी हो गई जब इरफान ने रजाक से स्थानीय मीट के बारे में पूछा। इरफान ने कहा, उस वक्त रजाक मेरे बगल वाली सीट पर बैठे थे। मैंने उनसे पूछा कि यहां किस तरह के मीट उपलब्ध हैं। उन्होंने मुझे कई तरह के मीट के बारे में बताया। इसके बाद मैंने उनसे पूछा कि क्या यहां कुत्ते का मांस भी मिलता है। अफरीदी पास में ही बैठे थे और रजाक मेरी बात सुनकर हैरत में पड़ गए और उन्होंने कहा, इरफान आप ये क्यों पूछ रहे हो?
इरफान ने कहा, मैंने कहा कि अफरीदी कुत्ते का मांस खाता है क्योंकि वह लंबे समय से भौंक रहा है। इसके बाद अफरीदी ने मुझसे कुछ नहीं कहा। वह जब भी कुछ कहते तो मैं कहने लगता देखो वह फिर से भौंका। इसे बात के बाद से अफरीदी पूरी फ्लाइट में शांति से बैठे रहे और कुछ नहीं बोले। उस विवाद के बाद अफरीदी समझ गए कि वह मुझसे नहीं जीत सकते और फिर उन्होंने मुझसे कभी कुछ नहीं कहा।

Related Articles

Back to top button