अभिनेता और फिल्ममेकर फरहान अख्तर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘120 बहादुर’ को लेकर चर्चाओं में बने हुए हैं। इस बीच अब फरहान अख्तर का कहना है कि दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह उनका सम्मान नहीं करते हैं। फरहान ने यह बात नसीरुद्दीन शाह की 12 साल पहले उनकी फिल्मों को लेकर की गई एक टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कही है। दरअसल, फिल्म ‘जिंदगी ना मिलेगा दोबारा’ में एक साथ काम कर चुके अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने एक बार कहा था कि वह फरहान अख्तर की एक्टिंग के फैन नहीं हैं। अब गलाटा प्लस के सात बातचीत के दौरान फरहान अख्तर ने नसीरुद्दीन शाह की इन टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दी है। फरहान से जब पूछा गया कि क्या इसके बाद उन्होंने नसीरुद्दीन शाह से बात की। इस पर अभिनेता ने कहा कि मुझे इसकी जरूरत महसूस नहीं हुई।
अगर मुझे किसी में सुधार करना है तो मैं उसे कॉल करूंगा
अपनी बात को आगे जारी रखते हुए फरहान अख्तर ने कहा कि मैं 25 साल से फिल्में कर रहा हूं। कुछ अभिनेता, निर्देशक और लेखक ऐसे हैं जिन्हें मैं जानता हूं और उन्होंने मुझसे शायद 10 साल बाद डेब्यू किया है। अगर उनके काम में मुझे मेरे हिसाब से कुछ ऐसा लगता है जो मुझे लगता है कि बेहतर हो सकता है या मैं उन्हें कोई सलाह दे सकता हूं, तो मैं सच में फोन उठाकर उन्हें कॉल करूंगा। क्योंकि आप किसी के क्रिएटिव एरिया में जा रहे होते हैं और अपने नजरिए से उन्हें एक क्रिएटिव फीडबैक दे रहे होते हैं। फरहान का ऐसा मानना है कि किसी को अगर कोई फीडबैक देना है, तो सही तरीके से और सम्मान से देना चाहिए। हालांकि, उनका मानना है कि उनके साथ वैसा नहीं हुआ, यानी नसीरुद्दीन शाह ने उन्हें सम्मान से फीडबैक नहीं दिया। फरहान ने कहा कि मुझे लगा कि उनकी तरफ से मेरे लिए यह सही तरीके से सम्मान के नहीं आया। मुझे लगा कि यह बस सार्वजनिक रूप से दिया गया एक बयान जैसा था। जिससे मुझे लगा कि यह व्यक्ति आपका सम्मान नहीं करता, तो मैं ऐसे व्यक्ति से संपर्क क्यों करूं जो मेरा सम्मान नहीं करता? आगे नसीरुद्दीन शाह के साथ अपने पारिवारिक संबंधों के बारे में बात करते हुए फरहान अख्तर ने कहा कि प्रोफेशन और पर्सनल संबंधों को देखते हुए वो मुझसे आसानी से बात कर सकते थे। मेरे लिए यह बिल्कुल स्पष्ट था कि अगर उन्हें सचमुच ऐसा लगता कि वह मेरे पिता, शबाना, मेरी मां और मुझे जानते हैं। हमने ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ में साथ काम किया है, तो उनके लिए यह कहना सबसे आसान होता कि मैं आपसे बात करना चाहता हूं, आप क्यों नहीं आते।