अहमदाबाद में छात्र ने की आठवीं के विद्यार्थी की हत्या, स्कूल में बवाल, परिजनों ने की तोड़फोड़

अहमदाबाद के एक स्कूल में कक्षा 10वीं के एक छात्र ने आठवीं के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी। छात्र की मौत से गुस्साए परिजनों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। परिजनों ने स्कूल में तोड़फोड़ की। पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान पुलिस की भी परिजनों से झड़प हो गई। पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है। अहमदाबाद के सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट स्कूल में मंगलवार को 10वीं कक्षा के एक छात्र ने 8वीं कक्षा के एक छात्र को चाकू मारकर घायल कर दिया था। घायल छात्र की बुधवार को मौत हो गई। इसके बाद छात्र के परिजनों ने स्कूल में जमकर बवाल काटा। परिजनों ने स्कूल में तोड़फोड़ की। साथ ही स्कूल के बाहर जमकर नारेबाजी की। छात्र की हत्या पर संयुक्त पुलिस आयुक्त जयपाल सिंह राठौर ने कहा कि दो छात्रों में झगड़ा हुआ और उनमें से एक ने दूसरे को चाकू मार दिया। पुलिस ने कल ही प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। आरोपी को हिरासत में लिया गया था। इलाज के दौरान घायल बच्चे की मौत हो गई। इसलिए उसका परिवार, अन्य छात्रों के अभिभावक और सिंधी समुदाय के लोग यहां एकत्र हुए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी यहां मौजूद हैं। आगे की जांच की जा रही है। मृतक बच्चा सिंधी समुदाय से था और मुख्य आरोपी मुस्लिम समुदाय से है।



