‘द बंगाल फाइल्स’ में अनुपम खेर ने निभाई महात्मा गांधी की भूमिका, विवेक अग्निहोत्री ने की तारीफ

विवेक अग्निहोत्री के निर्देशन में बनी ‘द बंगाल फाइल्स’ जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में अनुपम खेर महात्मा गांधी की भूमिका में दिखेंगे। डायरेक्टर ने फिल्म से जुड़ा एक वीडियो क्लिप शेयर कर अनुपम खेर की तारीफ की है और उन्हें शानदार एक्टर बताया है।
अनुपम खेर भारतीय सिनेमा के महान कलाकार
विवेक अग्निहोत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अनुपम खेर गांधी की भूमिका में दिख रहे हैं। यह क्लिप आगामी फिल्म द बंगाल फाइल्स का है। इसे साझा करते हुए निर्देशक ने कहा, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित अनुपम खेर साहब सिर्फ भारतीय सिनेमा के महान कलाकार नहीं हैं, बल्कि विश्व सिनेमा के भी एक चमकते सितारे हैं। फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ में वे गांधी का किरदार निभा रहे हैं। एक ऐसा किरदार, जिसमें गहराई, सच्चाई और ईमानदारी की जरूरत है। अभिनेता ने अपनी समझदारी और अनुशासन से एक बार फिर खेर साहब ने ये साबित कर दिया है कि वे सच में एक महान कलाकार हैं।’



