Latest newsSports

जब अर्जुन तेंदुलकर और समित द्रविड़ आए आमने-सामने, क्रिकेट के मैदान पर हुआ रोमांचक मुकाबला

क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के बेटे अर्जुन तेंदुलकर और समित द्रविड़ भी अब अपने क्रिकेट करियर में नाम कमाने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में दोनों के बीच के थिम्मप्पैया मेमोरियल टूर्नामेंट में आमने-सामने मुकाबला हुआ। मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी अर्जुन तेंदुलकर ने इस मुकाबले में समित द्रविड़ को आउट कर दिया। समित ने 26 गेंदों में नौ रन बनाए और इस दौरान दो चौके भी लगाए, लेकिन अर्जुन ने उन्हें कैच आउट करा दिया। अर्जुन गोवा की टीम की ओर से खेल रहे थे, जबकि समित केएससीए सेक्रेटरी XI की ओर से मैदान पर थे। डॉ. (कैप्ट) के थिम्मप्पैया मेमोरियल टूर्नामेंट कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) द्वारा आयोजित आमंत्रण-आधारित प्रतियोगिता है। यह टूर्नामेंट इस महीने की शुरुआत में शुरू हुआ। पहले मैच में ही अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइफर लेकर टीम को जीत दिलाई थी।
अर्जुन तेंदुलकर का व्यक्तिगत जीवन
अर्जुन तेंदुलकर ने अगस्त में सानिया चंदोक के साथ सगाई की। इस खबर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया। हालांकि, अर्जुन और सानिया के परिवारों ने इस पर आधिकारिक बयान नहीं दिया। सचिन तेंदुलकर ने हाल ही में एक सोशल मीडिया ‘आस्क मी एनीथिंग’ सत्र में इस बारे में पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘हां, उन्होंने सगाई कर ली है, और हम सभी उनके जीवन के नए चरण के लिए बहुत उत्साहित हैं।’  रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जुन और सानिया की सगाई बेहद निजी समारोह में हुई, जिसमें केवल करीबी दोस्त और परिवार शामिल थे।
अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर
अर्जुन तेंदुलकर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और बल्लेबाजी में भी टीम के लिए योगदान दे सकते हैं। वह घरेलू क्रिकेट में गोवा की ओर से खेलते हैं। अब तक 17 प्रथम श्रेणी मैचों में उन्होंने 37 विकेट लिए हैं और 532 रन भी बनाए हैं। अर्जुन ने 24 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने 27 विकेट लिए हैं और 119 रन बनाए हैं। उन्होंने 18 लिस्ट ए मैचों में 25 विकेट लिए हैं और 102 रन बनाए हैं।

Related Articles

Back to top button