India newsLatest news

पीएम मोदी बोले- क्रांतिकारी साबित हुई योजना, स्वास्थ्य रक्षा के लिए सरकार के संकल्प का प्रमाण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि 2018 में शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी साबित हुई है। यह बदलाव प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सरकार के संकल्प का प्रमाण है। इसके तहत लाभार्थियों के लिए वित्तीय सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित हुआ है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, आयुष्मान भारत के सात वर्ष पूरे हो गए हैं। यह एक ऐसी पहल थी, जिसमें भविष्य की जरूरतों का अनुमान लगाकर लोगों के लिए उच्च गुणवत्ता के साथ किफायती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसकी बदौलत, भारत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में क्रांति देख रहा है। गौरतलब है इस चिकित्सा बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये का वार्षिक स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जाता है और गरीब व 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, भारत ने दिखाया है कि कैसे पैमाना, करुणा और तकनीक मानव सशक्तिकरण को आगे बढ़ा सकते हैं। पीएम ने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल को टैग किया है, जिसने अपनी पोस्ट में बताया कि सरकार की इस प्रमुख कल्याणकारी पहल में 55 करोड़ से ज्यादा नागरिक शामिल हैं और यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है।
पोस्ट के मुताबिक, अब तक 42 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। इससे सरकार का स्वास्थ्य व्यय 29 प्रतिशत से बढ़कर 48 प्रतिशत हो गया है, जबकि रोगी का खर्च 63 प्रतिशत से घटकर 39 प्रतिशत रह गया है। पोस्ट में लिखा गया है, लाखों परिवार बीमारी के दौरान आर्थिक तंगी से बाहर आ गए हैं।

Related Articles

Back to top button