मैदान पर क्यों भिड़े जड्डू और शार्दुल? ‘लॉर्ड’ की इस हरकत से भड़क गए थे ‘सर जडेजा’, फिर दिया करारा जवाब

आईपीएल 2026 की अंतिम चार टीमें तय हो गई हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बाद रविवार को राजस्थान रॉयल्स ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया। आरआर ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई। हालांकि, इस मैच से ज्यादा रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर की मैदान पर मस्ती की चर्चा हो रही है। दोनों साथ में चेन्नई सुपर किंग्स और भारतीय टीम के लिए खेल चुके हैं और अच्छे दोस्त माने जाते हैं। हालांकि, इस बार टीमें अलग थीं और शार्दुल मुंबई से और जडेजा आरआर से खेल रहे थे। दोनों के बीच कुछ ऐसा हुआ, जिसे फैंस भी खूब पसंद कर रहे हैं। दरअसल, यह घटना राजस्थान की पारी के दौरान की है। आरआर की पारी के आखिरी ओवर में रवींद्र जडेजा और नांद्रे बर्गर क्रीज पर थे। जडेजा ने शार्दुल की शुरुआती तीन गेंदों पर चार रन बनाए। इसके बाद अगली गेंद पर बड़े हिट के प्रयास में जडेजा का कैच हार्दिक पांड्या ने लिया। तो इस पर शार्दुल ने जडेजा के सामने फीस्ट पंप किया। हालांकि, ऐसा उन्होंने बस चिढ़ाने के लिए किया था और शार्दुल के चेहरे पर मुस्कान भी थी। जडेजा भी हंसते हुए दिखे। हालांकि, जैसे ही जडेजा पवेलियन लौटने के लिए आगे बढ़े, अंपायर ने इस गेंद को नो बॉल करार दिया और जडेजा बच गए।



