कई बॉलीवुड एक्टर्स की पीआर टीम हमेशा सक्रिय रहती है। वह एक्टर फिल्में करे या ना करे। उसकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो जाएं, तब भी वह लाइमलाइट में बना रहता है। कई एक्टर्स और एक्ट्रेसेस को नंबर वन के टैग भी मिलते रहते हैं। यह सब कहीं ना कहीं पीआर गेम का नतीजा है, ऐसा अमीषा पटेल का मानना है। हाल ही में अपने ट्विटर अकाउंट पर अमीषा ने बॉलीवुड के फेक पीआर गेम पर खुलकर बात की है।
पैसे देकर नंबर वन का टैग लेते हैं एक्टर्स
अमीषा पटेल ने शुक्रवार देर रात एक ट्वीट करते हुए लिखा, ‘’ज्यादातर ऐसी एक्ट्रेसेस हैं, जिन्होंने अपने करियर में एक भी ऐसी फिल्म नहीं की है जिसने बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की हो। लेकिन वो अपनी पीआर टीमों को पैसे देकर खुद को नंबर 1 और नंबर 2 कहलवा रही हैं? सच में? यह 2026 है, 2000 नहीं। आज के जमाने में 100 करोड़ तो कुछ भी नहीं हैं।’
अमीषा पटेल ने अपनी पीआर मशीनरी को बताया कमजाेर
आगे एक ट्वीट और अमीषा पटेल ने किया। इसमें वह लिखती हैं, ‘फिल्म ‘कहो ना प्यार है’, ‘गदर 1’ या ‘गदर 2’ एक नहीं, बल्कि हीरोइन के तौर पर मैंने 3 सबसे बड़ी सोलो ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जिनमें तीनों ही फिल्मों को सबसे ज्यादा दर्शक मिले। आज भी, ये फिल्में मेरे को-स्टार्स के करियर की भी सबसे बड़ी हिट फिल्में हैं। लेकिन दूसरी एक्ट्रेसेस के मुकाबले मेरी ‘फेक पीआर मशीनरी’ कमजोर है।’ अमीषा पटेल ने अपने करियर और फ्यूचर प्रोजेक्ट्स के बारे में भी फैंस को सोशल मीडिया के जरिए बताया। वह एक ट्वीट में लिखती हैं, ‘फिल्म ‘गदर 3’ पक्का आएगी और जब आएगी तो थिएटर में हंगामा मच जाएगा। दर्शकों के प्यार और भगवान के आशीर्वाद से ‘गदर’ जैसे बड़े ब्रांड की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ तो कम से कम कमाएगी। इस बार इसका स्केल और स्क्रिप्ट, दोनों ही और भी ज्यादा बड़े और जबरदस्त होंगे। तैयार रहिए।’