जयराम रमेश ने मोदी सरकार को घेरा, क्या सचमुच बर्बाद हो रहे इंजन?

देशभर में E20 पेट्रोल यानी 20 फीसदी इथेनॉल मिले ईंधन की बिक्री को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस नीति को लेकर केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोला है। पार्टी का आरोप है कि बिना पुख्ता डाटा के यह ईंधन देश की जनता पर थोपा जा रहा है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के संसद में दिए जवाब से जनता का भ्रम दूर नहीं हुआ, बल्कि नए सवाल खड़े हो गए हैं। सरकार दावा कर रही है कि E20 पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन जमीन पर उपभोक्ता और मैकेनिक दोनों परेशान हैं, बेबस हैं।
जयराम रमेश ने क्या-क्या कहा?
जयराम रमेश ने आगे कहा कि जून 2026 में 2023 से पहले के 44,000 वाहन चालकों के स्वतंत्र सर्वे में E20 से गाड़ियों में भारी नुकसान की बात सामने आई। सितंबर 2025 में पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने इंजन खराब होने की शिकायतों को ‘बकवास’ कहकर खारिज कर दिया था। जयराम रमेश ने कहा कि नीती आयोग की 2021 की रिपोर्ट खुद मानती है कि E20 से E10 क्षमता वाले वाहनों के रबर पुर्जों को तेजी से नुकसान पहुंचता है। जुलाई 2026 की ARAI रिपोर्ट के अनुसार E20 से वाहनों के फ्यूल टैंक और धातु के अंदरूनी पुर्जों में जंग लगने का खतरा है। E20 से पुरानी 4-व्हीलर का माइलेज 6-7%, 2-व्हीलर का 3-4% और E20-कम्पेटीबल नई गाड़ियों का माइलेज भी 1-2% तक गिरता है।



