घाना-कोट डी आइवर के बाद इथियोपिया पहुंचे जयशंकर, रणनीतिक साझेदारी पर कितना जोर?

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर तीन देशों के अफ्रीकी दौरे के आखिरी पड़ाव में गुरुवार को इथियोपिया पहुंचे। उनका मकसद दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना है। इथियोपिया पहुंचने पर वहां के राज्य मंत्री बेरहानु त्सेगाये ने उनका स्वागत किया। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस स्वागत के लिए आभार जताया और कहा कि वह दोनों देशों के संबंधों को मजबूत करने के लिए सार्थक बातचीत की उम्मीद कर रहे हैं।
जयशंकर किन देशों के दौरे पर गए थे और क्या है अहमियत?
जयशंकर का यह तीन देशों का अफ्रीकी दौरा है। इथियोपिया पहुंचने से पहले वह घाना और कोट डी आइवर गए थे। कोट डी आइवर में उन्होंने अफ्रीकी देशों के साथ भारत के संबंधों और विकास साझेदारी पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत की ओर से विकास के क्षेत्र में किए जाने वाले प्रयास अफ्रीकी साझेदार देशों की जरूरतों और उनकी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर तय किए जाते हैं। जयशंकर ने कोट डी आइवर में भारतीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग (आईटीईसी) कार्यक्रम की अहमियत बताई। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए भारत अपने विकास, सुरक्षा और प्रशासन से जुड़े अनुभवों के साथ तकनीक, विशेषज्ञता और बेहतर कामकाजी तरीकों को साझेदार देशों के साथ साझा करता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कार्यक्रम से भारत को दूसरे देशों के अनुभवों से सीखने का मौका मिलता है और जिन संस्थानों में विदेशी प्रतिभागी प्रशिक्षण लेते हैं, उन्हें भी इसका फायदा होता है।



