Celebrity newsLatest news

‘महाभारत’ फेम अभिनेता पंकज धीर का निधन, ‘अर्जुन’ का किरदार निभाने वाले फिरोज बोले- एक अच्छे दोस्त को खो दिया

बी आर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। अमर उजाला से इस खबर की पुष्टि ‘महाभारत’ में ही अर्जुन का किरदार निभाने वाले अभिनेता फिरोज खान ने की। पंकज का निधन बुधवार (15 अक्तूबर) सुबह 11:30 बजे हुआ। फिलहाल उनके निधन की खबर सुनकर हर कोई हैरान है। उनका अंतिम संस्कार शाम 4:30 बजे मुंबई के विले पार्ले में किया जाएगा।  इस खबर के सामने आने के बाद इंडस्ट्री के दोस्त और फैंस गहरे सदमे में है। महाभारत में अर्जुन का किरदार निभाने वाले और पंकज के सह अभिनेता रहे फिरोज खान ने अमर उजाला से खास बातचीत की। उन्होंने कहा, ‘हां, यह सच है कि वे अब इस दुनिया में नहीं रहे। व्यक्तिगत रूप से, मैंने एक बहुत ही अच्छे दोस्त को खो दिया है। वह बेहद अच्छे इंसान थे। मैं अभी भी सदमे में हूँ और मुझे नहीं पता क्या कहना चाहिए। वह वाकई में एक अद्भुत व्यक्ति थे… फिलहाल मैं और अधिक कुछ नहीं कह सकता।’
बेटे निकितिन का पोस्ट हुआ वायरल
पंकज धीर के निधन के कुछ घंटे पहले उनके बेटे और अभिनेता निकितिन धीर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया था, जो अब चर्चाओं में बना हुआ है। दरअसल निकितिन ने भगवान शिव की एक तस्वीर जारी की जिसमें लिखा हुआ था- ‘जो भी आ रहा है। उसे आने दो, जो रहता है उसे रहने दो, जो जाता है जाने दो और भगवान शिव का भक्त होने के नाते आगे बढ़ो ( बहुत मुश्किल है ऐसा करना )’
कैंसर के चलते हुआ निधन

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पंकज धीर का निधन कैंसर की वजह से हुआ। कुछ समय पहले उन्होंने कैंसर को हराया था लेकिन कुछ समय के बाद उनका कैंसर फिर से लौट आया। वो पिछले काफी समय से इसी के चलते बीमार चल रहे थे।
mahabharat fame actor pankaj dheer passed away no details yet
एक इंटरव्यू में पंकज धीर ने उस दिलचस्प किस्से को याद किया था जब उन्हें अर्जुन के किरदार के लिए सिलेक्ट किया गया था। उस समय लेखकों और पैनल के सदस्यों रही मासूम रजा, भृंग तुपकरी और पंडित नरेंद्र शर्मा ने एकमत से कहा था कि वह अर्जुन के किरदार के लिए बिल्कुल फिट हैं। उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट पर साइन भी कर दिया था। लेकिन तभी चोपड़ा साहब ने कहा कि अर्जुन के रूप में उन्हें बृहन्नला (अर्जुन का नपुंसक अवतार) की भूमिका भी निभानी होगी, जिसके लिए मूंछें हटानी जरूरी हैं। पंकज धीर ने साफ मना कर दिया। उन्होंने कहा कि उनका चेहरा मूंछों के साथ ही संतुलित दिखता है, और बिना मूंछ के उनका लुक बदल जाएगा। बी.आर. चोपड़ा ने नाराज होकर उनसे कहा, ‘क्या आप वाकई एक्टर हैं? इतनी बड़ी भूमिका सिर्फ मूंछ के कारण छोड़ रहे हैं?’ और इसी के साथ उन्होंने पंकज को अपने ऑफिस से बाहर जाने के लिए कह दिया। उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय किया है, जिनमें ‘सनम बेवफा’, ‘बादशाह’ जैसी फिल्में और ‘चंद्रकांता’, ‘ससुराल सिमर का’ जैसे टीवी शो शामिल हैं। धीर ने एक निर्देशक के रूप में भी काम किया और ‘माय फादर गॉडफादर’ नाम की फिल्म का निर्देशन किया। उन्होंने ‘अभिनय एक्टिंग एकेडमी’ की स्थापना भी की।

Related Articles

Back to top button