Celebrity newsLatest news
सतीश शाह को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, बोले- एक और साथी चला गया; ‘भूतनाथ’ में साथ किया था काम

फिल्म जगत के जाने-माने अभिनेता सतीश शाह के निधन से पूरे बॉलीवुड में शोक की लहर है। अपनी कॉमिक टाइमिंग और गर्मजोशी भरे स्वभाव से लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने वाले सतीश शाह अब इस दुनिया में नहीं रहे। 25 अक्तूबर को 74 वर्ष की आयु में उन्होंने मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले कुछ महीनों से वो किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे और करीब तीन महीने पहले उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और भारतीय सिनेमा ने अपनी हास्य कला के सबसे उजले सितारों में से एक को खो दिया। सतीश शाह के जाने से न केवल उनके चाहने वाले बल्कि इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकार भी गहरे दुख में हैं। अमिताभ बच्चन, जिन्होंने सतीश शाह के साथ फिल्म भूतनाथ में काम किया था, ने अपने ब्लॉग पर एक भावुक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा कि, ‘हर दिन एक नई सुबह, एक नया काम और एक और साथी हमसे विदा हो गया… सतीश शाह, एक उम्दा प्रतिभा, बहुत जल्दी चले गए।” उन्होंने आगे लिखा, ‘इन दिनों की यह उदासी सामान्य नहीं है, लेकिन ज़िंदगी तो आगे बढ़ती है, और शो भी चलता रहता है।’



