‘नेशनल अवॉर्ड और ऑस्कर में भी होती है लॉबिंग’, परेश रावल का बड़ा बयान; बोले- कोई पुरस्कार जीतने की चाहत नहीं

परेश रावल की गिनती इंडस्ट्री के मंझे हुए और दिग्गज कलाकारों में होती है। इन दिनों अभिनेता अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘द ताज स्टोरी’ को लेकर चर्चाओं में हैं। ताज महल पर आधारित इस कहानी को लेकर कुछ विवाद भी रहा। फिलहाल फिल्म सिनेमाघरों में चल रही है। इस बीच परेश रावल ने नेशनल अवॉर्ड में लॉबिंग किए जाने को लेकर बात की। साथ ही उन्होंने ऑस्कर को लेकर भी कई बड़ी बातें बताईं। परेश रावल हाल ही में राज शमनी के साथ उनके पॉडकास्ट में पहुंचे। यहां एक्टर ने अपने करियर और नेशनल अवॉर्ड व ऑस्कर को लेकर भी बात की। साथ ही उन्होंने बताया कि इन अवॉर्ड्स समारोह में लॉबिंग की कितनी भूमिका रहती है। फिल्म पुरस्कारों की विश्वसनीयता के बारे में बात करते हुए परेश रावल ने कहा कि मुझे पुरस्कारों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। एक बात मैं ये भी बोलूं, नेशनल अवॉर्ड में थोड़ी बहुत लॉबिंग होती होगी। उतनी नहीं है जितनी बाकी के अवार्ड्स में होती है। बाकी के अवॉर्ड की तो बात करो या ना करो, कोई फर्क नहीं पड़ता। नेशनल अवॉर्ड की काफी प्रतिष्ठा है।



