पुलिस ने आर्य के खिलाफ एक्शन से पहले पूर्व मंत्री से की थी बात? अपराध शाखा कर रही पड़ताल

मुंबई में बीते गुरुवार को आरए स्टूडियो में हुए छात्रों के बंधक कांड की जांच में अब नया खुलासा हुआ है, या फिर ये भी कह सकते है कि मामले की जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जब आरोपी रोहित आर्य ने 17 बच्चों और दो बड़ों को बंधक बनाया था, उस वक्त बातचीत के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर से भी संपर्क किया था। इसके बाद अब क्राइम ब्रांच उनके बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले से जुड़े सभी लोगों के बयान लिए जाएंगे, जिनमें पवई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक, एक डीसीपी रैंक अधिकारी और घटना के दौरान बातचीत में शामिल अन्य लोग भी होंगे। क्राइम ब्रांच उन फिल्मी हस्तियों और कलाकारों के बयान भी दर्ज कर रही है जो ऑडिशन के बहाने आर्य के स्टूडियो में गए थे। बता दें कि ये पूरा घटनाक्रम गुरुवार दोपहर 1:30 बजे से शाम 5:15 बजे के बीच पवई के महावीर क्लासिक बिल्डिंग स्थित आरए स्टूडियो में हुई। पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद सभी बंधकों को सुरक्षित बचा लिया, जबकि 50 वर्षीय रोहित आर्य पुलिस फायरिंग में मारा गया।आर्य को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में पता चला है कि उसने यह योजना पहले से बनाई थी। बताया जा रहा है कि वह शिक्षा विभाग से अपने एक प्रोजेक्ट के बकाए पैसे को लेकर नाराज था। हालांकि सरकार ने उसका दावा खारिज कर दिया था।



