अमेरिका में पिग किडनी ट्रांसप्लांट का क्लिनिकल ट्रायल शुरू, इंतजार में बैठे लोगों को मिल सकता है नया जीवन

अमेरिका में पहली बार सुअर की किडनी को मानव में ट्रांसप्लांट करने का क्लिनिकल ट्रायल शुरू हो गया है। जीन-एडिटेड पिग किडनी बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड थेरेप्यूटिक्स ने सोमवार को बताया कि एनवाईयू लैंगोन हेल्थ में पहला ट्रांसप्लांट सफलतापूर्वक किया गया। यह ट्रायल जेनोटाइपेड सुअर की किडनी से मानव में अंग प्रत्यारोपण की दिशा में बड़ा कदम है। ये ट्रायल एनवाईयू के डॉक्टर रॉबर्ट मोंटगोमेरी के नेतृत्व में शुरू हुआ है, जिसमें शुरुआत में छह मरीज शामिल होंगे और यदि सफल रहा तो इसे 50 तक बढ़ाया जा सकता है। मरीजों की पहचान गोपनीय रखी गई है।
एफडीए ने दी मंजूरी
एफडीए ने इसे मंजूरी दी है, इसके पहले भी कुछ मदद के लिए अस्थाई इस्तेमाल हुए थे, जिनमें मिली-जुली सफलता मिली। उदाहरण के लिए, अलबामा की एक महिला की पिग किडनी 130 दिन तक चली, जबकि न्यू हैम्पशायर के एक मरीज की किडनी 271 दिन तक काम आई। इन ट्रायल से डॉक्टर सीख रहे हैं कि कैसे मरीजों में अंग अधिक समय तक टिक सके।



