भारत के खिलाफ शतकीय पारी खेलने वाले गुरबाज ने गंभीर को क्यों दिया श्रेय? तोड़ डाले कई रिकॉर्ड

अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शनिवार को भारत के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में 51 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली। इस शानदार पारी का श्रेय अफगानिस्तान के इस बल्लेबाज ने टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर को दिया है। गुरबाज ने बताया कि न्यू चंडीगढ़ में हुए टेस्ट मैच के बाद गौतम गंभीर के साथ हुई बातचीत से उन्हें अपने शॉट चयन को बेहतर बनाने में मदद मिली। गुरबाज ने इस पारी में आठ छक्के और इतने ही चौके लगाए। शानदार शॉट्स खेलते हुए गुरबाज ने सिर्फ 48 गेंदों में अपना नौवां वनडे शतक पूरा किया, जो किसी अफगानी बल्लेबाज का सबसे तेज वनडे शतक था। गुरबाज ने कहा, भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद मेरी गौतम गंभीर सर के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई थी। उस चर्चा से मुझे सच में मदद मिली। मैंने नेट्स में उन सुझावों पर काम किया और मैं उस मार्गदर्शन के लिए बहुत आभारी हूं। जब टेस्ट मैच खत्म हुआ, तो मैंने उनसे कहा कि मैं अपने शॉट चयन को बेहतर बनाना चाहता हूं। उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए और मैं उन्हें लागू कर पाया। मैंने बस सकारात्मक खेलने की कोशिश की और यह मेरे लिए कारगर रहा।



