Latest newsSports
चेन्नई के साथ बातचीत जारी, पर मुश्किल सौदा, RR दुबे-गायकवाड़ की कर रहे मांग

आईपीएल की ट्रेड विंडो शुरू होने से पहले ही भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन के नाम पर अटकलों का बाजार गर्म है। क्या सैमसन को राजस्थान रॉयल्स ने ट्रेड कर दिया है? या फिर कोई बड़ा सौदा करीब है? फिलहाल कुछ तय नहीं, लेकिन चर्चा इतनी तेज है कि आईपीएल सर्कल में सिर्फ एक ही नाम गूंज रहा है- संजू सैमसन। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसन ने कुछ हफ्ते पहले टीम प्रबंधन से ट्रेड या रिलीज किए जाने की औपचारिक मांग की थी। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स के प्रमुख मालिक मनोज बदले ने खुद कई फ्रेंचाइजियों से संपर्क साधा है। जानकारी के मुताबिक, बदले ने कई टीमों को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या वे सैमसन को अपनी टीम में शामिल करने में रुचि रखते हैं। इन पत्रों में कुछ संभावित प्लेयर-टू-प्लेयर एक्सचेंज के प्रस्ताव भी दिए गए हैं। हाल के दिनों में यह चर्चा भी जोरों पर है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) सैमसन में दिलचस्पी ले सकती है। लेकिन अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, राजस्थान ने रवींद्र जडेजा या ऋतुराज गायकवाड़ जैसे खिलाड़ियों की मांग की है, जो सीएसके के लिए लगभग डील ब्रेकर साबित हुई। इसके अलावा, शिवम दुबे का नाम भी संभावित एक्सचेंज के रूप में सामने आया, लेकिन चेन्नई मैनेजमेंट ने उसे भी खारिज कर दिया। सीएसके फिलहाल किसी भी मुख्य खिलाड़ी को रिलीज करने के मूड में नहीं दिखती। ऐसे में सैमसन का चेन्नई जाना फिलहाल असंभव माना जा रहा है, जब तक कि कोई बड़ा नेगोशिएशन या ऑक्शन का रास्ता न खुले।



