‘धर्मेंद्र जी का स्वास्थ्य हमारे लिए चिंता का विषय’, हेमा मालिनी ने दिया हेल्थ अपडेट; बोलीं- प्रार्थना करें

कुछ दिन अस्पताल में भर्ती रहने के बाद अब दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र बुधवार को अस्पताल से घर वापस आ गए हैं। हालांकि, घर पर भी उनका इलाज चलता रहेगा। जानकारी के मुताबिक, घर पर भी अस्पताल जैसी ही व्यवस्था की गई है, जहां पर उनका उसी तरह से इलाज होगा। अब धर्मेंद्र के स्वास्थ्य को लेकर पत्नी व अभिनेत्री हेमा मालिनी ने जानकारी दी है। साथ ही उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिन पूरे परिवार के लिए कितनी मुश्किलों भरे रहे हैं। द टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, सुभाष के झा के साथ बातचीत में हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र के स्वास्थ्य और पिछले दिनों की भागदौड़ को लेकर बात की। इस बातचीत के दौरान हेमा ने कहा, ‘यह मेरे लिए आसान समय नहीं रहा है। धर्मेंद्र जी का स्वास्थ्य हमारे लिए बहुत चिंता का विषय है। उनके बच्चों की नींद उड़ी हुई है। मैं इतनी जिम्मेदारियों के साथ कमजोर नहीं पड़ सकती। लेकिन हां, मुझे खुशी है कि वह घर वापस आ गए हैं। हमें राहत है कि वह अस्पताल से बाहर आ गए हैं। उन्हें अपने चाहने वालों के बीच रहने की जरूरत है। बाकी तो सब ऊपर वाले के हाथ में है। कृपया हमारे लिए प्रार्थना करें।’



