Latest newsMumbai news

मुंबई पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार

महाराष्ट्र के मुंबई में रविवार (16 नवंबर, 2025) को नौसेना के डॉकयार्ड को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। डॉकयार्ड के दो कर्मचारियों ने मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में फोन कर धमकी दी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस ने दोनों शख्स का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान सामने आया कि धमकी देने वाला शख्स उस समय नशे में था और डॉकयार्ड का ही कर्मचारी था। उसके साथ एक शख्स को भी पूछताछ के लिए लाया गया था। वह व्यक्ति भी उसी डॉकयार्ड का कर्मचारी था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों लोगों ने शराब के नशे में धमकी भरा फोन किया था।  रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस ने फर्जी धमकी देने के मामले में जहांगीर शेख नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि धमकी देने वाले व्यक्ति के खुद आंध्र प्रदेश में होने की बात कही थी। उसने कॉल कर दावा किया कि किसी और ने उसे इस हमले की जानकारी दी है। धमकी मिलते ही पुलिस के साथ सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हो गईं और तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिए गए। टीम ने डॉकयार्ड के इलाके में और आस-पास तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कोई भी संदिग्ध चीज, शख्स या गतिविधि नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने कॉल कर धमकी देने वाले शख्स का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी धमकी देने के पीछे क्या मकसद था? क्या इसकी पीछे कोई और शख्स भी शामिल है?

Related Articles

Back to top button