Latest newsSports
दूसरे टेस्ट से भी बाहर हुए कप्तान शुभमन, इलाज के लिए मुंबई जाएंगे, गुवाहाटी में पंत संभालेंगे कमान

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से एक बड़ा अपडेट सामने आया है। कप्तान शुभमन गिल दूसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। उन्हें पहले टेस्ट के दौरान बल्लेबाजी करते समय गर्दन में चोट लगी थी। इसके बाद वह पहली पारी में ठीक से बल्लेबाजी नहीं कर पाए थे और रिटायर्ड हर्ट हुए थे और फिर दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे थे। उन्हें तुरंत चेक अप के लिए ले जाया गया था। अब वह दूसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी देते हुए बताया कि, ‘टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल, जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान गर्दन की चोट से जूझ रहे थे, वह गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। गिल को कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लगी थी और दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था। उन्हें निगरानी में रखा गया और अगले दिन डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद 19 नवंबर 2025 को वे गुवाहाटी पहुंचे। हालांकि, वे पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं और इसी कारण वे दूसरे टेस्ट में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। आगे की जांच और इलाज के लिए अब वे मुंबई रवाना होंगे। उनकी गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी ऋषभ पंत करेंगे।’



