’26/11 का हमला सिर्फ मुंबई नहीं, पूरी मानवता पर हुआ था’, इस्राइली राजदूत ने दी श्रद्धांजलि

मुंबई हमले की आज 17वीं बरसी है। इस मौके पर दुनिया भर के नेता और राजनयिक मुंबई हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। भारत में इस्राइली राजदूत रुवेन अजार ने भी मुंबई हमले के पीड़ितों को याद किया और साथ ही आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को इस्राइली समर्थन की बात दोहराई। उन्होंने ये भी कहा कि मुंबई हमला सिर्फ मुंबई पर नहीं बल्कि पूरी मानवता पर हमला था।
‘इस्राइल इस दर्द को समझता है’
इस्राइली राजदूत ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘आज भारत दर्दनाक मुंबई हमले की बरसी मना रहा है। इस्राइल के लोग भारत के साथ हैं। मुंबई हमला सिर्फ मुंबई नहीं बल्कि पूरी मानवता पर हमला था। इस हमले में हर वर्ग, हर राष्ट्रीयता और हर धर्म को मानने वाले लोगों को निशाना बनाया गया। इस्राइल दुर्भाग्य से इस दर्द को समझता है।’ रुवेन अजार ने कहा कि ‘हमें पता है कि जब आतंकवाद से कोई मासूम मरता है तो कैसा लगता है और हमें ये भी पता है कि हिम्मत, स्पष्टता और समर्पण के साथ कैसे लड़ाई लड़ी जाती है। हम आज मुंबई हमले में जान गंवाने वाले बहादुर अधिकारियों, सुरक्षाबलों को सम्मान के साथ याद करते हैं और उन पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं, जिन्होंने मुंबई हमलों में अपने प्रियजनों को खोया। इस्राइल आतंकवाद को हराने के लिए भारत के साथ मिलकर काम कर रहा है और करता रहेगा। जब हम मुंबई हमले को याद करते हैं तो हम लोकतंत्र, आजादी और साझा मूल्यों की पुष्टि करते हैं। हमारा मानना है कि जिंदगी की हमेशा नफरत पर जीत होती है। आप इस लड़ाई में अकेले नहीं है, इस्राइल आपके साथ खड़ा है।’



