ट्रंप ने चीन को दी बड़ी राहत, इन उत्पादों पर बढ़ाई टैरिफ छूट; जानें किस सेक्शन के तहत उठाया कदम

अमेरिका ने चीन से आने वाले 178 औद्योगिक और मेडिकल उत्पादों पर लगाई गई टैरिफ छूट को लगभग एक साल और बढ़ाने का फैसला किया है। ये छूटें पहले 29 नवंबर 2025 को खत्म होने वाली थीं, लेकिन अब इन्हें 10 नवंबर 2026 तक बढ़ा दिया गया है। यह जानकारी अमेरिका के यूएस ट्रेड रिप्रजेंटेटिव ऑफिस ने बुधवार को दी। यह फैसला ऐसे समय आया है जब अमेरिका और चीन के बीच नवंबर की शुरुआत में व्यापार और आर्थिक मुद्दों पर समझौता हुआ था। इन छूटों में सोलर पैनल बनाने वाली मशीनों से जुड़े 14 उत्पाद और 164 अन्य औद्योगिक और मेडिकल उत्पाद जैसे शामिल हैं। इसमें इलेक्ट्रिक मोटर, ब्लड प्रेशर मॉनिटर, पंप पार्ट्स, ऑटो एयर कंप्रेसर, प्रिंटेड सर्किट बोर्ड भी शामिल हैं। अब इन उत्पादों पर आयात शुल्क नहीं लगेगा या काफी कम हो जाएगा, जिससे अमेरिकी कंपनियों और उपभोक्ताओं को लागत में काफी राहत मिलेगी।
‘सेक्शन 301’ जांच पर चीन की प्रतिक्रिया
पहले भी चीन ने ‘सेक्शन 301’ जांच को राजनीतिक करार दिया था। चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि अमेरिका इस जांच के जरिए सामान्य व्यापार को राजनीतिक रंग दे रहा है, जो पूरी तरह गलत और मनमाना फैसला है। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) ने भी पहले यह फैसला दिया था कि अमेरिका द्वारा लगाए गए ये ‘सेक्शन 301’ टैरिफ डब्ल्यूटीओ नियमों के खिलाफ हैं।
अमेरिकी फैसले का क्या मतलब?
अमेरिका के इस फैसले से यह साफ है कि अमेरिका-चीन के बीच व्यापार में तनाव थोड़ा कम हुआ है। अमेरिकी उद्योगों को सस्ते चीनी मशीन, मेडिकल उपकरण और टेक्नोलॉजी मिलते रहेंगे। सोलर उद्योग को यह कदम बड़ी राहत देगा, क्योंकि उत्पादन लागत कम होगी।



