Latest newsMumbai news

मुंबई से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट वापस लौटी, तीन घंटे तक हवा में रही

मुंबई से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट उड़ान भरने के तीन घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस मुंबई लौट आई। फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई से लंदन जा रहे इस विमान ने सुबह 5:39 बजे हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी, जो तीन घंटे तक हवा में रहने के बाद वापस लौट आई।  एअर इंडिया ने एक बयान में कहा है कि वर्तमान में ईरान में स्थिति तनावपूर्ण है। ईरान का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है, जिसके चलते उसकी कई उड़ानों को या तो डायवर्ट किया जा रहा है या वे अपने मूल स्थान पर वापस लौट रही हैं।

एअर इंडिया ने व्यवधान के लिए जताया खेद
एअर इंडिया ने बयान जारी कर अप्रत्याशित व्यवधान के कारण यात्रियों को हुई परेशानी के लिए खेद जताया है। एअर इंडिया ने कहा है कि वह यात्रियों के लिए आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्था कर रहे हैं। एअर इंडिया ने यह भी बताया कि अगर कोई यात्री फ्लाइट कैंसिल करना या समय बदलना चाहता है, तो उसे रिफंड या नई बुकिंग की सुविधा दी जा रही है। कंपनी ने कहा कि यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

इस्राइल के हमले के बाद ईरान ने बंद किया हवाई क्षेत्र
गौरतलब है कि इस्राइल ने ईरान पर हमला करने के लिए ऑपरेशन राइजिंग लायन शुरू किया है। इस अभियान के तहत इस्राइल ने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इस्राइल के हमले के कुछ घंटों बाद ईरानी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने देश के हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की। वहीं, इस्राइल ने भी अपने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। साथ ही अपनी उत्तरी और दक्षिणी सीमाओं पर आपातकालीन तैयारी बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button